रामबीर सिंह बिधुड़ी अपने इलाके की एक सीट जीत पाए। इनके बदरपुर विधानसभा क्षेत्र की बाकी सीटें आम आदमी पार्टी की झोली में गई। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के पटेलनगर इलाके के सभी चार वार्ड- वेस्ट पटेलनगर, रंजीतनगर, ईस्ट पटेल नगर और बलजीत नगर में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार ने जीत हासिल की।
भाजपा के यहां सभी उम्मीदवार हार गए। वेस्ट पटेलनगर से कविता चौहान, रंजीतनगर से अंकुर नारंग, ईस्ट पटेल नगर से शैली ओबराय और बलजीत नगर से रुनाक्षी शर्मा (सभी आप) ने जीत हासिल की। रामवीर सिंह बिधूड़ी दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। वे 2020 में दिल्ली की बदरपुर सीट से जीते थे। बिधूड़ी के विधानसभा क्षेत्र में पांच निगम वार्ड हैं।
इनमें बदरपुर, मोलड़बंद , मीठापुर , हरीनगर एक्सटेंशन एवं जैतपुर में केवल मीठापुर पर भाजपा जीत पाई। बाकी चार पर आप का झंड़ा लहराया। महिलाओं के लिए सुरक्षित बदरपुर से आप की मंजू देवी, मोलड़बंद से आप के हेमचंद गोयल, मीठापुर सीट पर भाजपा से गुड्डी देवी, हरिनगर एक्सटेंशन से आप के निखिल चपराना, जैतपुर से आप की हेमा ने बाजी मारी।
रोहिणी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता के इलाके की तीनों सीटें भाजपा के खाते में गई हैं। उनके विधानसभा क्षेत्र रोहिणी के तीनों वार्ड (डी,ई,एफ) पर भाजपा ने जीत हासिल की। मोहन सिंह बिष्ट करावल नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक हैं। वे अपने विधानसभा क्षेत्र में पांच वार्ड श्रीराम कालोनी, सादतपुर, करावल नगर वेस्ट, सोनिया विहार एवं सभापुर में से चार पर प्रतिष्ठा बचाने में सफल रहे हैं। एक सीट करावल नगर वेस्ट पर आप का उम्मीदवार जीता। अजय महावर दिल्ली से भाजपा के आठ विधायकों में से एक हैं। महावर के विधानसभा क्षेत्र में मुकाबला आधा-आधा रहा।
चार वार्ड , घोंडा और यमुना विहार पर भाजपा जीतीं। ब्रह्मपुरी, भजनपुरा पर आप ने बाजी मारी। रोहतास नगर से भाजपा विधायक जितेंद्र महाजन के विधानसभा क्षेत्र के चार वार्ड अशोक नगर, राम नगर ईस्ट, रोहतास नगर एवं वेलकम में से तीन पर भाजपा और एक पर आप विजयी रही। आप ने रोहतास नगर पर जीत हासिल की।