मध्य प्रदेश में नए मुख्य सचिव सुधि रंजन मोहंती ने पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने राज्य में विकास की रणनीति और चुनौतियों को लेकर कई अहम बातें कही। 1982 बैच के आईएएस अधिकारी सुधिरंजन मोहंती मध्यप्रदेश के 31वें मुख्य सचिव बनाए गए हैं। इस संबंध में आदेश जारी हो गए हैं। वे बीपी सिंह का स्थान लेंगे।
किसानों की कर्जमाफी पर क्या बोले मोहंतीः एक इंटरव्यू के दौरान मोहंती ने मध्य प्रदेश में किसानों की कर्जमाफी को कमल नाथ सरकार के लिए बड़ी चुनौती करार दिया है। निश्चित अवधि में इसे अमली जामा पहुंचाना है। उसे प्रभावी ढंग से जल्द पूरा करना है। उल्लेखनीय है कि किसानों की कर्जमाफी के वादे को विधानसभा चुनाव 2018 में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान तीनों राज्यों में नतीजों के लिए टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है। सत्ता में आते ही मुख्यमंत्री कमल नाथ ने प्रदेश के किसानों का दो लाख रुपए तक का कर्ज माफ करने का ऐलान किया था। फिलहाल कर्जमाफी के लिए 31 मार्च की तारीख तय है। लेकिन अभी इसके और आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
कानून-व्यवस्था भी बड़ा टास्कः मोहंती ने कहा, ‘आगामी लोकसभा चुनाव में कानून-व्यवस्था भी बड़ा टास्क है। कांग्रेस का वचन पत्र पूरा करना प्राथमिकता होगी।’ उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में कैबिनेट की अगली बैठक 5 जनवरी को रखी गई है जिसमें कर्जमाफी का प्रस्ताव भी लाया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार की तरफ से तय किए गए दायरे में 21 लाख किसान आ सकते हैं और इनकी कर्जमाफी से करीब 15 हजार करोड़ रुपए का भार सरकारी खजाने पर पड़ सकता है।