देश की राजधानी दिल्‍ली में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। नशे में धुत ए‍क शख्‍स ने मोमोज खाने की जिद कर रहे छह वर्षीय बेटे को नहर में फेंक दिया। बाद में नहर से मासूम का शव बरामद किया गया था। आरोपी पिता पर हत्‍या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दिल को दहला देने वाली यह घटना दक्षिण-पूर्व दिल्‍ली का है। दिल्‍ली पुलिस ने छह वर्षीय अयान का शव रविवार (27 मई) दोपहर को नहर से बरामद किया था। आरोपी की पहचान संजय अलवी के तौर पर की गई है। संजय ने शनिवार (26 मई) को अयान को नहर में फेंका था। अयान अपने पिता से मोमोज खाने की जिद कर रहा था, जिससे संजय इस हद तक नाराज हो गया कि उसे नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने संजय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि संजय ई-रिक्‍शा चलाता है और अपनी दादी के साथ रहता है। संजय को पत्‍नी अश्‍मां से तीन बच्‍चे हैं। इनमें से अयान सबसे छोटा था। पुलिस की मानें तो अश्‍मां ने संजय को कुछ वर्षों पहले छोड़ दिया था। अब वह सोनीपत में अपने मां-बाप के साथ रहती हैं।

दिल्‍ली पुलिस ने बताया कि संजय मदनपुर खादर का रहने वाला है। वह 26 मई को बेटे अयान के साथ मदनपुर पुलिया पर गया था। अयान ने उससे एक प्‍लेट मोमोज दिलाने की मांग की थी। अयान लगातार मांग कर रहा था। इससे संजय बेहद नाराज हो गया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी घटना के वक्‍त शराब के नशे में था। संजय ने अयान को उठाया और नहरे में फेंक दिया था। वहां से गुजर रहे लोगों ने संजय को बच्‍चे को फेंकते हुए देख लिया था। प्रत्‍यक्षदर्शियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया था। पुलिस को तत्‍काल इसकी सूचना दी गई थी। पुलिस ने स्‍थानीय गोताखोर की मदद ली थी। साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। इसके बावजूद बच्‍चे को बचाया नहीं जा सका और उसका शव 27 मई की सुबह में बरामद किया जा सका। आसपास के इलाकों में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।