UP Rain And Flood: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में बाढ़ ने कहर बरपा रखा है। यहां बूढ़ी राप्ती, घोघी और बाण गंगा खतरे के लाल निशान से ऊपर बह ही रही है। कई गांव जलमग्न हो गए हैं। इन्हीं गांव के लोगों से मिलने और उनका दुख दर्द जानने के लिए डुमरियागंज से भाजपा सांसद जगदंबिका पाल पानी में उतरकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने पहुंचे। इस दौरान वो बाढ़ से परेशान लोगों की समस्या सुन रहे थे। तभी वहां त्रिलोकपुर के थानाध्यक्ष विद्यासागर कुशवाह ट्रैक्टर पर बैठकर पहुंचे।

यह देख बीजेपी सांसद का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया। इस दौरान उन्होंने थानाध्यक्ष को जमकार फटकार लगाई और से कहा कि ट्रैक्टर से नीचे उतरो, क्या हम लोगों के जूते-चप्पल नहीं भीग रहे। थानाध्यक्ष बने बैठे हो, लोग कह रहे रणधीर मिश्रा होते तो अब तक पानी में भीग रहे होते।

सांसद ने कहा कि तीन दिन से नाव के लिए आपको फोन किया जा रहा है। नाव की व्यवस्था क्यों नहीं हो पा रही। इस दौरान थानाध्यक्ष ने कहा कि इस संबंध में एसडीएम से बात हुई है। इसके जवाब में सांसद ने पूछा कि एसडीएम से क्या बात हुई। एसडीएम ने नाव को क्यों नहीं दिया। क्या आपने कलेक्टर को कहा इस बारे में कहा।

भाजपा सांसद का गुस्सा यहीं शांत ने हुआ। उन्होंने थानाध्यक्ष से आगे कहा आप स्थिति देख रहे हैं। इसके बावजूद भी आप ट्रैक्टर पर बैठे हैं। जनता मुझसे आकर कह रही है। सांसद ने कहा कि आप जनता के बीच के नहीं हो, हम जनता के बीच के हैं। आप अपने जूते को भीगने से बचा रहे तो जनता की सेवा करोगे। इसके बाद उन्होंने कहा कि हम आप पर कार्रवाई नहीं करने जा रहे, लेकिन आपमें इतना दिमाग होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनता आपको घेर कर खड़ी है, लेकिन आप ट्रैक्टर पर बैठे हुए हैं, दो कदम आप चलोगे नहीं तो हम क्या कर पाएंगे। एसओ ने कहा कि मैंने एसडीएम और सीओ साहब से बात की है, लेकिन अभी तक काम नहीं हो पाया है। मैंने एसडीएम के पास जाकर बातचीत की थी। उन्होंने कहा था कि हम व्यवस्था कराते हैं। बता दें, सिद्धार्थनगर जिले में राप्ती, पुराना राप्ती, बाण गंगा, घोघी जैसी पहाड़ी नदी और नाले उफान पर हैं।