Tyagi Community Mahapanchayat: उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर 93बी स्थित एक सोसाइटी में एक महिला से अभद्रता करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए श्रीकांत त्यागी के समर्थन में रविवार को त्यागी समाज के लोगों ने महापंचायत की। श्रीकांत त्यागी के समर्थन में सलारपुर स्थित रामलीला ग्राउंड में हजारों की संख्या में त्यागी समाज से जुड़े लोग पहुंचे और उन्होंने भाजपा सांसद डॉ. महेश शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यहां ‘भाजपा नेताओं का प्रवेश वर्जित’ जैसे बैनर भी दिखाई दिए।
स्थानीय लोगों के आह्वान पर गेझा गांव के रामलीला मैदान में सुबह लगभग 10 बजे महापंचायत शुरू हुई। गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ से समुदाय के लोग बड़ी संख्या में इसमें शामिल हुए। वहीं, गेझा गांव के प्रवेश द्वार पर लगे एक बैनर पर लिखा था, “हमारे गांव में भाजपा नेताओं का प्रवेश बंद है।”
त्यागी समाज के नेताओं का कहना है कि श्रीकांत त्यागी की पत्नी और उसके घरवालों को प्रताड़ित किया गया है और इस मामले के आरोपियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती हैं वे अपना विरोध जारी रखेंगे। महापंचायत में शामिल होने के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में लोग कार, मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर से पहुंचे हैं जिसे देखते हुए नोएडा में कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया।
श्रीकांत त्यागी को नौ अगस्त को मेरठ से गिरफ्तार किया गया था। उसके पहले, कई दिनों तक पुलिस त्यागी की तलाश करती रही लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं आ रहा था। त्यागी ने दावा किया था कि वह भाजपा का पदाधिकारी है लेकिन पार्टी ने उसके साथ कोई भी संबंध होने से इनकार किया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नोएडा में पुलिसकर्मियों और आरएएफ के जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस ने कहा कि एहतियात के तौर पर गौतमबुद्ध नगर से लोकसभा सांसद और भाजपा नेता महेश शर्मा के दफ्तर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बताया जा रहा है कि त्यागी समाज के लोग श्रीकांत त्यागी मामले में महेश शर्मा के बर्ताव को लेकर नाराज हैं।