राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने कहा है कि शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) साथ मिलकर ठाणे नगर निकाय का चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि दोनों दल 75 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेंगी। ठाणे को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनकी पार्टी शिवसेना का गढ़ माना जाता है।

राउत ने संवाददाताओं से कहा, “शिवसेना (यूबीटी) और मनसे साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे और ठाणे में जीत हासिल करेंगे। हमारा नारा ‘75 पार’ (75 से ज्यादा सीट) है।”

ठाणे महानगरपालिका में 131 सीट हैं। पिछले चार महीनों में उद्धव ठाकरे और मनसे प्रमुख राज ठाकरे के बीच नजदीकियां बढ़ी हैं। जब तक एकनाथ शिंदे का गुट अलग नहीं हुआ था तब तक शिवसेना ठाणे नगर निगम में बड़ी ताकत थी।

‘हिंदू लड़कियों को जिम नहीं जाना चाहिए और घर पर ही योग…’

दूसरी ओर, एनसीपी (शरद चंद्र पवार) भी ठाणे में अकेले चुनाव लड़ना चाहती है। पार्टी की ठाणे इकाई के नेताओं का कहना है कि हमें स्वतंत्र चुनाव लड़ना चाहिए।

निकाय चुनाव टालने की मांग

एनसीपी (अजित पवार) के विधान परिषद सदस्य सतीश चव्हाण ने मांग की है कि महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव मतदाता सूची में सुधार होने तक स्थगित कर दिए जाएं। उन्होंने शनिवार को दावा किया कि अकेले छत्रपति संभाजीनगर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में 36,000 नाम दो बार लिखे दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा जानबूझकर किया जा रहा है और ऐसा करने वाले बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। चव्हाण ने चेतावनी दी कि अगर मतदाता सूची में सुधार नहीं किए गए तो वे अदालत जाएंगे।

विपक्षी दलों द्वारा भी इसी तरह की मांग उठाई गई है कि मतदाता सूचियों में काफी छेड़छाड़ और हेराफेरी की गई है। महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव अगले दो महीनों में या अगले साल की शुरुआत में होने की संभावना है।

महाराष्ट्र बीजेपी नेताओं को मिला ‘कठिन काम’