अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा ने बरौनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुभारंभ की गयी 33000 करोड़ रूपये पटना मेट्रो और अन्य परियोजनाओं की प्रशंसा की तथा कहा कि इससे बिहार में प्रगति का सूत्रपात होगा। सिन्हा ने ट्वीट किया, ‘‘मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पटना मेट्रो के लिए स्वागत करता हूं। बिहार में (इस और) अन्य परियोजनाओं के साथ विकास एवं प्रगति के संदर्भ में एक बड़ा कदम, बिल्कुल सराहनीय। ’’ सिन्हा पटना साहिब लोकसभा सीट से दूसरी बार के सांसद हैं तथा अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। बता दें कि इससे पहले तमाम दफा खामोश पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी पार्टी के खिलाफ बयानबाजी करते रहे।

गौरतलब है कि पिछले दिनों बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भाजपा के असंतुष्ट सांसद शत्रुघ्न सिन्हा को कांग्रेस या राजद के टिकट पर पटना से आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी और यह दावा भी किया था कि इससे उन्हें अपनी लोकप्रियता का ‘‘भ्रम’’ दूर हो जाएगा। सुशील मोदी ने यह बात भाजपा के ‘‘भारत के मन की बात’’ कार्यक्रम में भाग लेने के लिए नागपुर में कही थई। इस कार्यक्रम का मकसद आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणा पत्र तैयार करने की खातिर आम लोगों से सुझाव प्राप्त करना थी।

सुशील मोदी ने सिन्हा द्वारा अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं की बार-बार प्रशंसा किए जाने एवं अपनी पार्टी पर निशाना साधने के बारे में पूछे जाने पर सुशील मोदी ने कहा कि यह उस स्थिति का संकेतक है जिसमें वह खुद को पाते हैं। सुशील मोदी ने दावा किया, “कुछ लोगों को (अपनी लोकप्रियता को लेकर) गलतफहमी है। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वह पटना सीट कांग्रेस या राजद से लड़ें, उन्हें अपनी वास्तविक स्थिति का एहसास हो जाएगा। उन्हें एहसास हो जाएगा कि उनकी लोकप्रियता कितनी है।’’ उन्होंने कहा, “वे दिन अब नहीं रहे जब शत्रुघ्न सिन्हा के नाम पर लोग जुटते थे। अब, उन्हें अपनी रैली के लिए लोगों को इकट्ठा करने में परेशानी होती है। वह प्रियंका चोपड़ा या कोई अन्य नया कलाकार नहीं हैं। मोदी ने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा और दावा किया कि उन्हें संपत्ति से ‘‘काफी लगाव’’ है।