Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे पर इशारों ही इशारों में तंज कसा है। दरअसल, बुधवार (19 अक्टूबर)को एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस और एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार एक ही मंच पर नजर आए हैं। महाराष्ट्र में सत्ता परिवर्तन के बाद ये पहला मौका है जब शरद पवार एकनाथ शिंदे और फडणवीस के साथ मंच साझा कर रहे हों। इन तस्वीरों को सीएम एकनाथ शिंदे ने अपने ट्वीटर हैंडल से ट्वीट करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘कुछ लोगों की रात की नींद उड़ सकती है।’

दरअसल बुधवार की शाम को मुंबई क्रिकेट संग के चुनाव से पहले का स्पेशल डिनर दिया गया था जिसके दौरान सीएम एकनाथ शिंदे और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस और आशीष शेलार ने भी शिरकत की थी इस दौरान वो एक मंच पर नजर आए। इन तस्वीरों को सीएम एकनाथ शिंदे ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से ट्ववीट करते हुए लिखा इन तस्वीरों को देखकर कई लोगों की रात की नींदें भी उड़ सकती हैं।

बिना नाम लिए किया उद्धव ठाकरे पर हमला

हालांकि, सीएम एकनाथ शिंदे ने अपने ट्वीट में किसी का नाम नहीं लिया था, लेकिन समझने वाले तो समझ ही गए कि ये उन्होंने किसके लिए कहा है। इस मौके पर सीएम शिंदे ने इस मौके पर कहा, ‘देवेंद्र फडणवीस, शरद पवार और आशीष शेलार एक ही मंच पर इससे कुछ लोगों की रातों की नींद उड़ सकती है, लेकिन यह राजनीति करने की जगह नहीं है। हम सभी खेल के प्रशंसक और समर्थक हैं इसलिए हम अपने राजनीतिक मतभेदों के बावजूद खेल के विकास के लिए साथ आए हैं।’

शिंदे के विद्रोह के बाद गिरी महाविकास अघाड़ी सरकार

आपको बता दें कि इसके पहले महाराष्ट्र की महाविकास अघाड़ी सरकार शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे के विद्रोह के चलते गिरा दी गई थी। शिवसेना के 55 में से 39 विधायक इस विद्रोह में एकनाथ शिंदे गुट में आकर मिल गए थे और महाराष्ट्र में शिवसेना (एकनाथ शिंदे) और भारतीय जनता पार्टी के सहयोग से नई सरकार का गठन किया गया। जिसके बाद एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने और भारतीय जनता पार्टी के नेता देवेंद्र फडणवीस उनके डिप्टी सीएम बने।