दिल्ली के शाहीन बाग में CAA के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान गोली चलाने वाला कपिल गुर्जर बुधवार को भाजपा में शामिल हो गया। उसने गाजियाबाद स्थित भाजपा कार्यलय में भगवा दल की सदस्यता ली। हालांकि नेतृत्व की फटकार के बाद उसे तुरंत पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। गाजियाबाद भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा ने एक नोट जारी कर खुद इसकी पुष्टि की।

उन्होंने कहा- आज गाजियाबाद भाजपा ऑफिस में बसपा से आए कुछ लोगों को पार्टी में शामिल कराया गया था। इसमें एक कपिल गुर्जर भी शामिल था। नोट में कहा गया कि शाहीब बाग मामले में उससे जुड़ी जानकारी हमें नहीं थी। पूरी जानकारी मिलने के बाद प्रदेश नेतृत्व ने उसका पार्टी में शामिल होना तत्काल प्रभाव से निरस्त कर गया है।

बता दें कि पार्टी ज्वाइन करने के बाद कपिल गुर्जर ने कहा था- हम बीजेपी के साथ हैं, बीजेपी हिंदुत्व को मजबूत कर रही है, हिंदुत्व को आगे ले जाना चाहती है। मैं हिंदुत्व के लिए काम करना चाहता हूं, इसलिए मैं भाजपा में शामिल हुआ हूं। इससे पहले मेरा किसी भी पार्टी से कोई लेना-देना नहीं था। मैं RSS के साथ भी जुड़ा हूं।

इससे पहले उसके भाजपा ज्वाइन करते ही कांग्रेस ने पार्टी को निशाने पर ले लिया। यूथ कांग्रेस के नेता श्रीवत्स ने ट्वीट कर कहा- अनुराग ठाकुर, कपिल मिश्रा और कपिल गुर्जर की गोली मारो गैंग को कोई सजा नहीं मिली। मगर उमर खालिद शरजील इमाम, कफील खान, सफूरा सहित कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें बहुत लोग आज भी जेल में हैं। ट्वीट में आगे कहा कि अब कपिल गुर्जर भी भाजपा में शामिल हो गया। न्यू इंडिया में अपराध से कोई फर्क नहीं पड़ता बस आपके नाम से पड़ता है।

घटनाक्रम पर आम आदमी पार्टी ने भी भाजपा पर निशाना साधा। आप के ट्विटर हैंडल से कहा गया- खुले आम गोली चलाने वाला कपिल जुर्जर याद है? उसको आज भारतीय जनता पार्टी ने अधिकृत तौर पर पार्टी में शामिल कर लिया है। बाकी तो आप समझदार हैं।