झारखंड पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी की निलंबित नेता सीमा पात्रा को आदिवासी नौकरानी सुनीता को प्रताड़ित करने के आरोप में बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। सीमा पात्रा ने लोहे की रॉड से नौकरानी के दांत तक तोड़ दिए थे। पूरे मामले का खुलासा सीमा पात्रा के बेटे के कारण हो सका। उसने इस घटना का जिक्र अपने दोस्त से किया, जो एक सरकारी अधिकारी है और उससे मदद मांगी।

गिरफ्तारी के बाद सीमा पात्रा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें फंसाया जा रहा है। सीमा पात्रा पर आरोप है कि पीड़िता की मदद करने के लिए अपने बेटे को ही अस्पताल में भर्ती करा दिया था। जब इस बारे में पूछा गया तो निलंबित भाजपा नेता ने कहा कि वह अस्वस्थ था। फिलहाल, सीमा पात्रा को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एफआईआर के मुताबिक, विवेक को सीमा पात्रा के बेटे आयुष्मान ने नौकरानी को अपने घर पर प्रताड़ित किए जाने की बात बताई थी और नौकरानी की तस्वीरें भी दिखाई थीं।

भाजपा ने मंगलवार को सीमा पात्रा को निलंबित कर दिया था जब घरेलू सहायिका का एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें वह सीमा पर प्रताड़ित करने का आरोप लगा रही थी। सुनीता का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होने लगा था, जिसमें वह आपबीती सुना रही थी। इसके बाद जब मामला तूल पकड़ने लगा तो भाजपा ने सीमा पात्रा को निलंबित कर दिया। पार्टी ने कहा कि घटना की जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया है।

10 सालों से काम कर रही थी सुनीता

सीमा पात्रा, रिटायर्ड आईएएस अधिकारी महेश्वर पात्रा की पत्नी हैं। सीमा बीजेपी की महिला विंग की नैशनल वर्किंग कमेटी की सदस्य थीं। बताया जा रहा है कि सुनीता पात्रा के परिवार के लिए 10 सालों से काम कर रही थी। सामने आए वीडियो में सुनीता को अस्पताल में बेड पर लेटे हुए देखा जा सकता है।

पेशाब चाटने को किया गया मजबूर

सुनीता ने आरोप लगाया कि उसे बंधक बना लिया गया था और प्रताड़ित किया गया। यही नहीं, उसने आरोप लगाया कि उसे फर्श से पेशाब चाटने के लिए मजबूर किया गया। पीड़िता ने कहा कि लोहे की रॉड से उसके दांत भी तोड़ दिए। उसे कई दिनों तक खाना-पानी तक नहीं दिया गया था। सुनीता ने कहा कि पात्रा के बेटे आयुष्मान ने उसे बचाया था। वीडियो में वह रोते हुए कह रही थी, “उसकी वजह से ही मैं जिंदा हूं।”

झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने इस मामले का संज्ञान लिया था और मंगलवार को डीजीपी नीरज सिन्हा से पूछा था कि सीमा पात्रा के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई।