फिल्मों या टीवी शो में हम अक्सर कलाकारों को पुलिस का अभिनय करते देखते हैं। हालांकि असल जिंदगी में पुलिस की वर्दी फर्जी तरीके से पहनना या पुलिस होने का दिखावा करना एक अपराध है। इसके लिए आप पर कोई कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। हाल ही में मुंबई की क्राइम ब्रांच ने एक टीवी एक्टर को गिरफ्तार किया है। दरअसल कलाकार पुलिस की नकल कर लोगों को बेवकूफ बनाया करता था। इस तरह से कलाकार ने उत्तराखंड और चंडीगढ़ में काफी लोगों को बेवकूफ बनाया। आरोप है कि आरोपी ने पुलिस बन एक बुजुर्ग दंपति को लूटा। उसने सोने के गहने और पांच लाख रुपये नकद लूटे।
आरोपी सलमान जाफरी देहरादून और चंडीगढ़ जाया करता था। यही नहीं इसके अलावा भी कई शहरों में उसका आना जाना हुआ करता था। वह हवाई यात्रा के जरिए शहर पहुंचा करता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने टीवी सीरियल जैसे छत्रपति राजा शिवाजी और सावधान इंडिया जैसे सीरियल में काम किया है। लूट के बाद अभिनेता मुंबई भाग आया करता था।
पुलिस ने आईपीसी की अलग-अलग धाराओं के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बता दें कि आरोपी ने देहरादून के पटेल नगर पुलिस स्टेशन में फर्जीवाड़ा किया था। उत्तराखंड पुलिस ने पता लगाया कि आरोपी मुंबई में रहता है। बाद में मुंबई क्राइम ब्रांच ने आरोपी को उसके घर से दबोचा।
आरोपी ने शुरुआत में अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया। उसने यहां तक दावा किया कि उसकी टीवी इंडस्ट्री में बहुत इज्जत है। बाद में उसने माना कि उसने लोगों से धोखाधड़ी की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी ने महाराष्ट्र में तीन जगह और उत्तराखंड में दो जगह लोगों से धोखाधड़ी को अंजाम दिया। आरोपी को देहरादून पुलिस के हवाले कर दिया गया है।