प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने महिला उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार हुए विधायक की गिरफ्तारी के विरोध में आज केजरीवाल सरकार के प्रदर्शन करने और गिरफ्तारी देने पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा यह लोकतंत्र को शर्मिंदा करने वाला काम है। उपाध्याय ने कहा कि हमें पहले से ही हमेशा से मालूम था कि केजरीवाल और उनकी पार्टी को महिलाओं का सम्मान नहीं है। लेकिन यह कल्पना से परे है कि वो इस स्तर तक आ गिरेंगे और महिला उत्पीड़क विधायक के समर्थन में सड़कों पर उतर कर हंगामा करेंगे।

उपाध्याय ने कहा है हम केजरीवाल से पूछना चाहते हैं कि उन महिलाओं का विधायक से झगड़ा क्यों हुआ? जानकारी अनुसार नूर बानो एवं अन्य महिलाएं रमजान के दौरान पानी सप्लाई न मिलने की शिकायत लेकर विधायक के पास गई थीं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली को आज संवैधानिक संकट में धकेल दिया है।

मुख्यमंत्री ने संविधान में वर्णित केंद्र और राज्यों के संबंधों के लिये प्रस्तावित संघीय ढांचे को तोड़ने की कोशिश की है। इसकी शुरूआत उन्होंने 2014 के गणतंत्र दिवस समारोह में रुकावट डालने की धमकी देकर ही कर दी थी। उसके बाद उन्होंने कई बार दिल्ली के शासन को संकट में डालने के कई प्रयास किए हैं।