उत्तर प्रदेश के संभल में 24 नवंबर को हुई हिंसा को लेकर यूपी पुलिस ने गुरुवार को 400 पेज की चार्जशीट फाइल की। इसमें बताया गया है कि किस तरह से दुबई में रहने वाला शारिक साठा हिंसा का मास्टरमाइंड था। शारिक साठा अभी दुबई में है और उसका संबंध डी कंपनी से भी है। चार्जशीट में बताया गया कि इस हिंसा के पीछे डी कंपनी का हाथ था।
शारिक साठा का संबंध D-कंपनी से
पुलिस ने कहा कि शारिक साठा का दिल्ली में एक गिरोह था और इसने दिल्ली-एनसीआर में 300 से अधिक गाड़ियां चुराई थी। चार्जशीट के अनुसार शारिक का संबंध दाऊद इब्राहिम और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से है। वह नकली पासपोर्ट का इस्तेमाल कर देश से भागा था। चार्जशीट में 79 आरोपियों के नाम शामिल है और सभी जेल में बंद हैं। पुलिस ने बताया कि अब इसके बाद सप्लीमेंट्री चार्जशीट भी दाखिल की जाएगी।
सपा सांसद के खिलाफ दर्ज FIR
चार्जशीट में समाजवादी पार्टी के स्थानीय सांसद जियाउर रहमान बर्क का भी नाम शामिल है। वहीं स्थानीय विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहेल इकबाल का भी नाम शामिल है। टाइम्स आफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार शारिक साठा के संभल और पड़ोसी जिलों में अच्छे राजनीतिक संबंध भी हैं। पुलिस FIR में शामिल सभी संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद भी एक चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने भी कहा कि शारिक की संलिप्तता सामने आई है और हमारे द्वारा जुटाए गए सबूतों के आधार पर हम कह सकते हैं कि उसने ही साजिश रची थी।
हिंसा स्थल पर मिले विदेशी कारतूस
पुलिस की चार्जशीट में अकाउंट में अवैध पैसों का ट्रांसफर और हिंसा स्थल पर विदेशी कारतूस भी मिलने की बात कही गई है। पुलिस ने बताया कि इस हिंसा में पांच लोगों की मौत हुई थी, जिसमें चार की मौत के लिए शारीक साठा और उसके साथ ही जिम्मेदार हैं। वहीं पांचवी मौत के लिए कोई FIR ही दर्ज नहीं की गई थी।
बता दें कि संभल में शाही जामा मस्जिद के कोर्ट के आदेश पर सर्वे किया जा रहा था। एएसआई द्वारा सर्वे किया जा रहा था। इसी दौरान हिंसा हुई थी। इस हिंसा की जांच SIT कर रही है। मामले में कुल 12 FIR दर्ज हुई है और सभी की जांच की जा रही है।
