समाजवादी सेक्युलर मोर्चा प्रमुख शिवपाल यादव ने 2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा एलान किया है। शिवपाल ने कहा कि मोर्चा अखिलेश यादव और डिंपल यादव के खिलाफ भी उम्मीदवार उतारेगा। शिवपाल ने संकेत दिए हैं कि अब किसी तरह के समझौते की गुंजाइश नहीं बची है इसलिए पीछे हटने का सवाल ही नहीं होता है। शिवपाल ने सोमवार (18 सितंबर) को यूपी के मैनपुरी के कस्बा करहल में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि समाजवादी सेक्युलर मोर्चा आगामी लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 80 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा। अखिलेश, डिंपल के अलावा परिवार के धर्मेंद्र यादव के खिलाफ भी मोर्चा उम्मीदवार उतारेगा। शिवपाल यादव ने अपनी चुनावी रणनीतियों के बारे में बात करते हुए एकबार फिर धर्मयुद्ध शुरू होने की बात कही। शिवपाल ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) संरक्षक मुलायम सिंह यादव लोकसभा चुनाव में मोर्चा की तरफ से मैनपुरी से चुनाव लड़ेंगे। मोर्चा प्रमुख ने समान विचारधारा वाली सभी पार्टियों के लिए गठबंधन का रास्ता खुला रखने की भी बात कहीं। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) से भी गठबंधन के संकेत दिए।
शिवपाल करहल के रहने वाले पूर्व विधायक मानिक चंद्र यादव के आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। शिवपाल ने परिवार या पार्टी से किसी प्रकार की सुलह की संभावनाओं से इनकार किया। उन्होंने कहा कि सुलह का समय अब खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि बीते एक साल से वह सुलह के लिए प्रयासरत थे लेकिन उन्हें इसके बदले अपमान झेलना पड़ा। बता दें कि समाजवादी सेक्युलर मोर्चा बनाने के बाद शिवपाल लगातार सपा और अखिलेश यादव के खिलाफ हमलावर लग रहे हैं।
बीते शनिवार को पत्रकारों बात करते हुए शिवपाल यादव ने कहा था कि मुलायम सिंह यादव अगर तैयार हो जाएं तो वह उन्हें मोर्चे और नई पार्टी का अध्यक्ष भी बना देंगे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से बढ़ती करीबी की अटकलों से इनकार किया था। उन्होंने दावा किया था कि वह आने वाले चुनाव में 20-30 जीतने जा रहे हैं। उन्होंने कहा था कि वह 4-5 सीटों से चुनाव लड़ सकते हैं। पिछले दिनों लखनऊ में एक कार्यक्रम में शामिल होने पर शिवपाल ने इशारों-इशारों में अखिलेश यादव को कंस और रावण कह दिया था। उन्होंने महाभारत और रामायण के उदाहरण देते अखिलेश पर हमला बोला था।