प्रियंका गांधी के आधिकारिक रूप से राजनीति में एंट्री करते ही उनके खिलाफ लगातार विवादित बयान दिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बिहार के कैबिनेट मंत्री विनोद नारायण झा ने कहा था कि सिर्फ सुंदर चेहरा होने से वोट नहीं मिलते। विनोद नारायण के इस बयान पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पलटवार किया है। तेजस्वी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर गालियां देना सिखाने वाला इंस्टिट्यूट चलाने का आरोप लगाया।
यह कहा तेजस्वी ने : आरजेडी नेता ने कहा, ‘‘नीतीश कुमार जी ऐसा इंस्टिट्यूट चला रहे हैं, जहां लोगों को गालियां देना और बातें बनाना सिखाया जाता है। उनकी कैबिनेट के मंत्री और प्रवक्ता वहीं बयानबाजी करना सीख रहे हैं।’’
विनोद नारायण झा ने दिया था यह बयान : कैबिनेट मंत्री विनोद नारायण झा गुरुवार शाम पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उस दौरान राजनीति में प्रियंका की एंट्री को लेकर सवाल पूछा गया। झा ने कहा, ‘‘प्रियंका अभी नौसिखिया हैं। उन्हें राजनीति के बारे में जानकारी नहीं है। सिर्फ चेहरा सुंदर होने से वोट हासिल नहीं किए जा सकते।’’ झा के इस बयान पर विरोधी दलों ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है।
23 जनवरी को पार्टी महासचिव बनीं प्रियंका गांधी : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को अपनी बहन प्रियंका गांधी को कांग्रेस का महासचिव घोषित किया और उन्हें पूर्वी यूपी की राजनीतिक कमान सौंपी। इसके साथ ही प्रियंका को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई। किसी ने उन्हें कांग्रेस का मास्टर स्ट्रोक करार दिया। वहीं, कुछ नेताओं का मानना है कि प्रियंका भी यूपी में कांग्रेस को सफलता नहीं दिला पाएंगी।
बिहार के उप-मुख्यमंत्री भी कर चुके बयानबाजी : बिहार के उप-मुख्यमंत्री सुशील मोदी भी प्रियंका गांधी पर निशाना साध चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने ऐसी महिला को राजनीति के लिए चुना है, जिसका पति दागी है। अगर कांग्रेस इस कदम से खुश है तो मैं उन्हें मुबारकबाद देता हूं।’’