राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार उन्हें उनके पिता व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मिलने की अनुमति नहीं दे रही है। लालू प्रसाद यादव रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में भर्ती हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि वह कल शाम से अपने पिता से मिलने का इंतजार कर रहे हैं। तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया, ‘कल शाम से राँची अस्पताल में ईलाजरत अपने पिता से मिलने की प्रतीक्षा में हूं लेकिन तानाशाही BJP सरकार नियमानुसार एक बेटे को अपने पिता से मिलने भी नहीं दे रही है।
लालू जी के साथ साजिश की जा रही है। जेल सुरक्षा में और वो भी अस्पताल में ईलाजरत रहते उनके कमरे में रोज छापामारी हो रही है।’ तेजस्वी ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘दो सप्ताह पहले डॉक्टरों ने जेल अधीक्षक को लालू जी का इको और X-Ray कराने को कहा था।
लेकिन वह इसलिए नहीं हो पा रहा है कि उन्हें दूसरी बिल्डिंग में ले जाने के लिए सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। यह अन्याय है। सही व्यवहार नहीं किया जा रहा है। यह सरासर मानवीय मूल्यों का उल्लंघन है।’
लालू यादव वर्तमान में चारा घोटाला मामले में रांची की विशेष सीबीआई अदालत की तरफ से दोषी ठहराए जाने के बाद से जेल की सजा काट रहे हैं। लालू ने फरवरी में झारखंड हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
सुप्रीम कोर्ट ने लालू की यह याचिका खारिज कर दी थी। इससे पहले हाईकोर्ट पिछले साल अगस्त में लालू यादव रांची में सीबीआई की विशेष अदालत के समक्ष पेश हुए थे। अदालत ने उन्हें 11 मई को इलाज के लिए छह सप्ताह के लिए अस्थायी रूप से जमानत दे दी थी। हालांकि, प्रोविजनल जमानत बढ़ाने की अर्जी को अदालत ने खारिज कर दिया था।
भाजपा को दी चुनौतीः इससे पहले रविवार को तेजस्वी यादव ने एक अन्य ट्वीट में भाजपा को चुनौती दी। तेजस्वी ने ट्वीट किया, ‘सुनो भाजपाई गुंडो, शेर का बेटा हूँ, बिहार की महान माटी का लाल हूँ। तुम्हारी गीदड़ भभकी से नहीं डरता। मां का दूध पिया है तो सीधे लड़ो, कायरों की तरह क्यों दुबक कर लड़ रहे हो?’