भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रिपब्लिक टीवी के डिबेट शो ‘पूछता है भारत’ में उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में उनके ऊपर गलत आरोप लगाए गए थे। इसके लिए एटीएस के अधिकारी जिम्मेदार थे। षड़यंत्र रचकर उन्हें फंसाया गया। उन्होंने परमबीर सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि आज वो अधिकारी लोगों को फंसा रहे हैं। भाजपा सांसद ने कहा कि वो परमबीर के षड्यंत्र के खिलाफ कुछ कर रही हैं। जिन-जिन लोगों ने उन्हें टॉर्चर किया उनपर भी केस करेंगी। ऐसे लोगों को सजा दिलवाएंगी।

साध्वी प्रज्ञा ने महाराष्ट्र के मालेगांव में हुए बम धमाकों का जिक्र किए बगैर कहा कि ये एक साजिश थी ताकि उन्हें सालों तक जेल में रखा जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे अफसर राजनीतिक तौर पर चलते हैं और कांग्रेस परमबीर सिंह जैसों को पालती है। उन्होंने कहा कि तब परमबीर सिंह ने एक इंस्पेक्टर की बेल्ट छीनकर मुझे गाली देते हुए बुरी तरह पीटा था। परमबीर ने मुझे पूरी ताकत से पीटा। डिबेट में प्रज्ञा ठाकुर ने मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह को निम्न स्तर का शख्स कहा। उन्होंने कहा कि परमबीर के रहते महाराष्ट्र पुलिस में न्याय नहीं हो सकता है।

भाजपा सांसद ने कहा कि परमबीर षड़यंत्रकारी हैं और उन्हें बड़े पदों पर बैठाना एक बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है। बकौल प्रज्ञा ठाकुर पहले हमें भगवा आतंकवादी कहलवाया गया। भारत को आतंकवादी देश घोषित करना इनका षड्यंत्र था। ये कांग्रेस का षड्यंत्र था। ऐसे देशघाती लोगों के सामने रुकेंगे नहीं झुकेंगे नहीं।

https://twitter.com/Republic_Bharat/status/1321471137377886208

उल्लेखनीय है कि जमानत पर बाहर चल रही रहीं प्रज्ञा ठाकुर साल 2008 में मालेगांव में हुए ब्लास्ट के मामले में अभी भी एक आरोपी है। अभी वो मुकदमे का सामना कर रही हैं। विस्फोट मामले के लिए प्रज्ञा के खिलाफ यूएपीए के तहत आरोप पत्र सौंपा गया है।

इस मामले में अब तक 109 गवाहों को अदालत में पेश किया जा चुका है। बता दें कि महाराष्ट्र में नासिक जिला स्थित मालेगांव में 2008 में सितंबर की 29 तारीख को खौफनाक बम ब्लास्ट हुआ था। उस धमाके में 7 बेगुनाह लोगों की जान चली गई थी और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।