उत्तर प्रदेश के जालौन में एक व्यक्ति को अपनी ही बेटी के साथ बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि उरई कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली 18 वर्षीय एक लड़की ने पिता पर पिछले चार साल से उसके साथ बलात्कार और यौन उत्पीड़न करने का गत शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कराया। उसकी शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
लड़की का आरोप है कि उसका पिता पिछले करीब चार साल से उसका यौन शोषण कर रहा था। इस बारे में उसने अपनी मां को बताया, लेकिन उन्होंने विश्वास नहीं किया। इस पर लड़की ने अपने मित्र की मदद से अपने पिता की उसके साथ की जा रही हरकत का वीडियो बना लिया।
लड़की का कहना है कि वह अपनी बहन और पिता के साथ किराए के मकान में रहती है। बहन की गैर-मौजूदगी में पिता उससे बलात्कार करता था। बुधवार को पिता ने एक बार फिर से उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। इस पर लड़की ने अपने दाेस्त की मदद ली और खिड़की खुली रखी। दोस्त ने खिड़की के जरिए वीडियो बना लिया। लड़की ने मां को वीडियो दिखाया। इसके बाद मां और बेटी ने थाने जाकर मामला दर्ज कराया।