रेप मामले में दोषी गुरमीत राम रहीम पैरोल पर बाहर है। वहीं उसने दीवाली के मौके पर एक म्यूजिक वीडियो जारी कर दिया, जिससे विवाद खड़ा हो गया। यह वीडियो राम रहीम के यूट्यूब चैनल Saint MSG पर जारी हुआ है, जिसका शीर्षक है “सादी नित दीवाली”। वहीं राम रहीम को पैरोल मिलने पर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा है कि एक सख्त पैरोल कानून बनाया जाए।

महुआ मोइत्रा ने कहा कि पक्षपाती राज्य सरकार के अधिकारियों पर कानून को नहीं छोड़ा जा सकता। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “राम रहीम पैरोल पर बाहर रहते हुए म्यूजिक वीडियो डालता है। यूएस और यूके के विपरीत, भारत में संहिताबद्ध पैरोल कानून का अभाव है। पैरोल को केवल पिक एंड चॉइस आधार पर पक्षपाती राज्य सरकार के अधिकारियों पर नहीं छोड़ा जा सकता है। सही समय पर कानून को बदल दिया जाता है।”

डेरा प्रमुख के आधिकारिक यूट्यूब चैनल Saint MSG पर जारी वीडियो डिस्क्रिप्शन में राम रहीम को संगीत, गीत, गायन, रचना और निर्देशन का श्रेय दिया गया है। दो दिनों के भीतर वीडियो को पांच मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है और उनके अनुयायी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गाने का प्रचार कर रहे हैं। वीडियो में उनके दो गुरु शाह सतनाम और शाह मस्ताना के साथ उनके क्लिप हैं।

गाने के लिरिक्स में कहा गया है, “लोग एक दिन दिवाली मनाते हैं, लेकिन आपको (सतनाम और मस्ताना) धन्यवाद क्योंकि हर दिन हमारे लिए दिवाली है।”

अपनी दो शिष्याओं से बलात्कार के आरोप में 20 साल जेल की सजा काट रहे डेरा प्रमुख पैरोल पर बाहर है। पैरोल मिलने के समय इसकी आलोचना हुई थी क्योंकि उसके क्षेत्र में चुनाव भी है। इस वर्ष में तीसरी बार उसे पैरोल मिला है। हरियाणा में अगले महीने पंचायत चुनाव और आदमपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं।

वहीं पैरोल पर बाहर आने के बाद उत्तर प्रदेश के बागपत आश्रम में रह रहे डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने 19 अक्टूबर को ऑनलाइन सत्संग किया था, जिसमें करनाल से काफी लोग जुड़े थे। इस दौरान राम रहीम ने करनाल की मेयर रेणु गुप्ता को वीडियो कॉलिंग के माध्यम से आशीर्वाद दिया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।

वहीं हरियाणा में 46 नगर पालिकाओं के चुनाव से पहले जून में एक महीने की पैरोल पर राम रहीम जेल से बाहर आया था। वहीं इस वर्ष फरवरी में पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले वह 20 दिन की पैरोल पर बाहर आया था।