रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार (28 सितंबर, 2022) को असम के दिनजान सैन्य स्टेशन पर इंडियन आर्मी के डीएओ डिवीजन के जवानों से मिले। इस दौरान उन्होंने जवानों से बातचीत की। राजनाथ सिंह के साथ सेना प्रमुख मनोज पांडे भी मौजूद थे। जवानों ने इस दौरान “संदेशे आते हैं” गीत गाया और रक्षा मंत्री भी उनके साथ यह गीत गुनगुनाते नजर आए।
जवानों के साथ उनका एक वीडियो सामने आया है। इसमें रक्षा मंत्री हाथ में चाय का कप लिए खड़े हैं और जवान बॉलीवुड फिल्म बॉर्डर का “संदेशे आते हैं” गीत गा रहे हैं। वीडियो में राजनाथ और सेना प्रमुख भी जवानों के साथ गीत गुनगुनाते दिखाई दे रहे हैं।
इस दौरान मंत्री को एलएसी के साथ बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ क्षमता विकास और संचालन संबंधी तैयारियों के बारे में जीओसी 3 कोर के अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई। इसके बाद उन्हें अग्रिम पंक्ति में तैनात सैनिकों की परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए अत्याधुनिक सैन्य उपकरणों और प्रौद्योगिकी के बारे में भी जानकारी दी गई।
बता दें कि तीन दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे के तहत बुधवार को रक्षा मंत्री डिब्रूगढ़ पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने दिनजान सैन्य स्टेशन पर भारतीय सेना के जवानों के साथ शाम की चाय पी और उनसे बातचीत की।
गौरतलब है कि राजनाथ सिंह अपने तीन दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे के दौरान असम पहुंचे। सूत्रों से मिली जानकारि के मुताबिक, गुरुवार को रक्षा मंत्री अरुणाचल प्रदेश जाएंगे। अरुणाचल में वह भारत-चीन बॉर्डर पर सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा सड़क निर्माण एवं सुरंग निर्माण आदि गतिविधियों का निरीक्षण करेंगे। राजनाथ सिंह अपने अरुणाचल दौरे के दौरान अग्रिम चौकियों का दौरा करेंगे और परिचालन संबंधी तैयारियो के बारे में भी जानकारी प्राप्त करेंगे।
राजनाथ स्थानीय इडु मिश्मी जनजाति के वार्षिक ट्रेक अथु पोपू के दूसरे धार्मिक अभियान के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगे, जिसे सेना द्वारा पिछले साल से इंडियन आर्मी के आउटरीच के हिस्से के रूप में सुविधा प्रदान की जा रही है और स्थानीय लोगों एवं विकास का समर्थन करने के लिए भी लगातार कोशिश की जा रही है।