Himachal Pradesh Election: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार (7 नवंबर) को राज्य के बैजनाथ में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी(आप) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजनीति की पिच पर वाइड और आप नो नो बॉल है।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “मौजूदा समय की राजनीति को क्रिकेट के शब्दों में कहूं तो राजनीति की पिच पर बीजेपी ‘गुड लेंथ बॉल’ की तरह है। लेकि कांग्रेस वाइड और आप की स्थिति ‘नो बॉल’ की है।” राजनाथ सिंह ने कहा कि हिमाचल देवभूमि है। यह वीरता, पराक्रम और बलिदान की भी धरती है। इस धरती से निकले लोगों ने देश के मान, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया है।
कांग्रेस डूबता जहाज:
राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कांग्रेस की तुलना डूबते जहाज से की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कोशिश तो बहुत कर रही है लेकिन अब उनका काम नहीं बन पाएगा। कांग्रेस ऐसा जहाज है जिसका तेल खत्म हो चुका है। इसे उड़ाने के लिए अब कोई भी पायलट आ जाए लेकिन यह उड़ना तो छोड़िए रन वे पर भी नहीं दौड़ पाएगी।
हिमाचल के सीएम की तारीफ की:
बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर की तारीफ की। उन्होंने कहा कि बीते पांच सालों में हिमाचल के मुख्यमंत्री ने पांच बहुत काम किया। उन्होंने दावा किया कि कोई माई का लाल नहीं कह सकता कि सीएम जयराम ठाकुर के शासन में भ्रष्टाचार का एक भी धब्बा है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। वहीं 8 दिसंबर को नतीजे सामने आएंगे।
कांग्रेस पर हमला:
रक्षा मंत्री ने कांग्रेस शासन और मोदी सरकार की तुलना करते हुए कहा कि देश में जब कांग्रेस का शासन था तो उस दौर में भारत की अर्थव्यवस्था नौवें-दसवें स्थान पर थी। लेकिन आज पीएम नरेंद्र मोदी के अगुवाई में देश नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया में अर्थव्यवस्था के मामले में पांचवे स्थान पर है और आने वाले दिनों में भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया के टॉप थ्री देशों में होगी।