राजस्थान भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने मंगलवार को यहां अपने पद का कामकाज संभाल लिया। इस दौरान प्रदेश भाजपा दफ्तर पर बड़ी सभा का आयोजन हुआ और उसमें प्रदेश के हजारों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री और प्रदेश के चुनाव प्रभारी रहे प्रकाश जावडेकर समेत दिग्गज नेता मौजूद थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पूनिया को पिछले महीने ही प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया था।

राज्य भाजपा में मंगलवार को नई शुरूआत हो गई। प्रदेश में तीन महीने से खाली चल रहे प्रदेश अध्यक्ष के पद का कामकाज सतीश पूनिया ने समारोहपूर्वक संभाला। पूनिया के पदभार ग्रहण समारोह में नेताओं ने केंद्र सरकार के कामकाज को आम जनता के बीच ले जाने की बात कही। इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया कि उन्होंने राजस्थान में संगठन की कमान एक युवा कार्यकर्ता को सौंपी है।

जावडेकर ने कहा कि पूनिया भाजपा संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे। पूनिया की कार्यकर्ता की छवि के चलते ही उन्हें संगठन की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला केंद्रीय नेतृत्व ने किया है। प्रदेश में मदनलाल सैनी के निधन के बाद से ही अध्यक्ष पद रिक्त चल रहा था। पूनिया ने पद संभालने के बाद कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है उसे कार्यकर्ताओं के सहयोग से निभाएंगे।

पूनिया ने दावा किया कि राजस्थान में संगठन पहले से ही बहुत मजबूत है और अब इसे और मजबूती प्रदान की जाएगी। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन जैसे साधारण कार्यकर्ता का संगठन के सर्वोच्च पद पर पहुंचाना ही साबित करता है कि भाजपा में कार्यकर्ता ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार देते हुए कहा कि जनहित विरोधी नीतियों के खिलाफ पार्टी सड़क पर संघर्ष करेगी।