राजस्थान के उदयपुर में करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष भंवर सिंह को गोली मारी गई है। दिग्विजय नाम के व्यक्ति ने करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष को गोली मारी है। वहीं पुलिस ने गोली मारने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है और उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भंवर सिंह को उदयपुर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है। भंवर सिंह की हालत नाजुक बताई जा रही है।

गोली मारने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

दरअसल उदयपुर में करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष भंवर सिंह एक संस्थान में बैठक कर रहे थे। उसी दौरान यह घटना हुई। आरोपी व्यक्ति को वहां मौजूद लोगों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की।

जिस आरोपी दिग्विजय ने करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष भंवर सिंह को गोली मारी है, उससे उनकी पुरानी दुश्मनी बताई जा रही है। हालांकि अभी तक यह बात स्पष्ट रूप से सामने नहीं आई है कि उसने गोली क्यों चलाई है?

23 सितंबर को राजस्थान के गांधी ग्राउंड में करणी सेना और समस्त राजपूत संगठन मेवाड़ की ओर से न्यायाधिकार महासभा होने वाली है। इसी के संबंध में रविवार को पोस्टर विमोचन होना था। इस कार्यक्रम के बाद भंवर सिंह पर फायरिंग की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बताया जाता है कि आरोपी दिग्विजय सिंह राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना का पूर्व जिला अध्यक्ष भी रहा है और 4 महीने पहले ही उसे पद से हटा दिया गया था, जिसके बाद भंवर सिंह के साथ उसके आपसी मतभेद शुरू हो गए थे।

वहीं इस घटना पर उदयपुर के एसपी भुवन भूषण यादव ने बताया कि करणी सेना के राष्ट्रीय कार्यसमिति के अध्यक्ष विश्वबंधु राठौड़ ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। एसपी ने यह भी बताया कि आरोपी दिग्विजय सिंह कई असामाजिक गतिविधियों में लिप्त था, जिसके बाद उसे पद से हटाया था और उसने देख लेने की धमकी दी थी।

आरोपी पर 7 मामले दर्ज

आरोपी दिग्विजय सिंह पर अवैध शराब तस्करी और मारपीट के 7 मामले दर्ज हैं। पुलिस इन मामलों की भी जांच कर रही है। वहीं करणी सेना के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष भंवर सिंह की हालत खतरे से बाहर है।