राजस्थान की जयपुर सेंट्रल जेल में एक पाकिस्तानी कैदी की मौत की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तानी कैदी शकर उल्लाह का साथी कैदियों के साथ झगड़ा हुआ जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद उसकी मौत हो गई। कैदी की मौत की सूचना के बाद जेल प्रशासन सकते में आ गया जिसके बाद मौके पर उच्च अधिकारियों ने पहुंचकर हालात का जायजा लिया। बता दें कि शकर 2001 से जेल में बंद है। वह एक आतंकी मामले को लेकर उम्रकैद की सजा काट रहा था।

घटना जयपुर की सेंट्रल जेल की बताई जा रही है। जहां 2017 से पाकिस्तान के सियालकोट का निवासी शकर उल्लाह जासूसी के आरोप में बंद था। लेकिन आज (बुधवार) को कथित तौर पर शकर का साथी कैदियों से झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान उसकी पिटाई की गई जिससे उसकी मौत हो गई। राज्य के महानिरीक्षक जेल रूपिंदर सिंह ने कैदी की मौत की पुष्टि कर दी है। फिलहाल घटना की जानकारी मिलते ही राज्य के आला पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। मामले के की जांच की जा रही है। बता दें कि जयपुर जेल में अलग-अलग मामलों में पाकिस्तान के 5 कैदी बंद है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शकर प्रतिबंधित संगठन सिमी के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

 

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद देश में आक्रोश की लहर है। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। बता दें कि इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हुए थे। इसके बाद देश के कोने-कोने में पाकिस्तान के खिलाफ लोगों में गुस्सा देखने को मिला था।