भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर इन दिनों राजस्थान में हैं जहां उन्होंने राज्य की अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ एक यात्रा शुरू करने का ऐलान किया है। चंद्रशेखर ने रविवार को ऐलान किया कि वह शोषित-वंचित समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए राजस्थान में न्याय यात्रा निकालेंगे। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि इस सरकार को जगाने के लिए वे बड़ी रैली करेंगे।

चंद्रशेखर ने जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि अपने लोगों को इकट्ठा करने के लिए, उनको जागरूक करने के लिए न्याय यात्रा शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो अन्याय और अत्याचार हुए हैं, उसकी रोकथाम के लिए ये यात्रा शुरू की जाएगी। पिछले महीने चंद्रशेखर पाली में जितेंद्र पाल मेघवाल की हत्या मामले में पीड़ित परिवार से मिलने आए थे, तब उन्होंने गहलोत सरकार पर जमकर निशाना साधा था।

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सीएम गहलोत को घेर चुके हैं चंद्रशेखर

चंद्रशेखर ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि पुलिस ने पहले कदम उठाए होते तो यह घटना ही नहीं होती। भीम आर्मी प्रमुख ने कहा कि राजस्थान की कानून-व्यवस्था की हालत सही नहीं है। चंद्रशेखर ने सीएम अशोक गहलोत पर आरोप लगाते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री सामंतों का सहयोग करते हैं।

भीम आर्मी प्रमुख ने कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस की गहलोत सरकार को घेरा था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोगों पर अत्याचार हो रहे हैं। इस तरह और घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। गौरतलब है कि पाली जिले के बाली बारवा इलाके में संविदा कर्मी जितेंद्र पाल मेघवाल की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस हत्याकांड के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा था।

हाल के दिनों में, राजस्थान की सरकार विपक्ष के निशाने पर रही है। राजस्थान में नव संवत्सर के अवसर पर बाइक रैली पर पथराव की घटना सामने आई थी, जिसके बाद यहां हिंसा भड़क उठी थी। इस दौरान कई इलाकों में तोड़फोड़, आगजनी की घटनाएं हुई थीं, जिसको लेकर गहलोत सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई थी।