दीप मुखर्जी

राजस्थान के अलवर में कथित तौर पर भीड़ द्वारा रकबर खान उर्फ अकबर की पीट-पीटकर हत्या के एक सप्ताह बाद भाजपा विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर लोग गोतस्कर को पकड़े तो उसे कई थप्पड़ मारो और पेड़ से बांध दो। इसके बाद पुलिस को बताओ। अलवर में पत्रकारों से भाजपा विधायक ने कहा, ‘थोड़ा बहुत इसलिए, पकड़ा है तो दो-चार थप्पड़ और मुक्का मारके उनको पेड़ से बांध दो। इसके बाद पुलिस को सूचना दे दो।’ भाजपा विधायक ने 20 जुलाई को लालावंडी में कथित तौर पर भीड़ द्वारा रकबर की पीट-पीटकर हत्या के बाद, वहां प्रेस कॉन्फ्रेंस की। ये गांव रामगढ़ में है, जो विधायक के क्षेत्र में आता है।

मामले में इंडियन एक्सप्रेस ने विधायक आहूजा से बात की तो उन्होंने बताया कि वह लोगों को बताना चाहते थे कि कानून को अपने हाथ में ना लें। उन्होंने आगे कहा, ‘मेरा मतलब लोगों से यह कहना था कि वो गोतस्करों को गंभीर रूप से नहीं मारे। भीड़ उनपर हमला नहीं करे। इसके बजाय उन्हें दो-चार थप्पड़ मारकर पेड़ से बांध दें, ताकि वो भाग ना सके। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दें। पुलिस घटना स्थल पर पहुंचेगी और आरोपी को गिरफ्तार करेगी। किसी को कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए।’

इसके अलावा विधायक ने दावा किया रकबर की हत्या के आरोप में जिन तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है वो निर्दोष हैं, पुलिस उन्हें फंसा रही है। विधायक के मुताबिक उनके विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने बताया कि जिन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है उन्हें फोन कर घटनास्थल पर बुलाया गया। उन्हें बताया कि रकबर और उनके सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराना जरूरी है। मगर पुलिस ने निर्दोषों को अपने जाल में फंसा लिया। इससे साफ है कि रकबर की मौत पुलिस हिरासत में हुई थी, जहां उसे प्रताड़ित किया गया।

भाजपा विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने मांग की कि जिन तीनों लोगों को गिरफ्तार किया है, उन्हें तुरंत रिहा किया जाए। गोतस्करी का केस रकबर और असलम के खिलाफ दर्ज किया जाए। बता दें कि तीन बार से विधायक आहूजा विवादित बयानों की वजह से सुर्खियों रहे हैं। पिछले साल दिसंबर में उन्होंने कहा कि जो गोतस्करी में शामिल लोगों को मार दिया जाएगा।

इससे पहले आहूजा कहा था, ‘गोकशी आतंकवाद से बडा अपराध है। आतंकवादी 2—5 लोगों को मारते हैं लेकिन गोकशी से हजारों—लाखों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचती है। भारत एक ऐसा देश है जहां मां का आदर किया जाता है। गीता, धरती, गाय, गंगा, तुलसी और जन्म देने वाली को देश में मां माना जाता है। देश में मां के साथ किसी प्रकार की छेडछाड या गुंडागर्दी को स्वीकार नहीं किया जायेगा, इसलिए यह आतंकवाद से भी बडा अपराध है।’