राजस्थान के स्कूल शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने मुगल सम्राट अकबर के बारे में आपत्तिजनक बयान दिया है। मंत्री ने मंगलवार को कहा कि मुगल सम्राट अकबर एक बलात्कारी था। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत में उसका नाम लेना पाप है।

समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए मदन दिलावर ने कहा, ”जब हम स्कूल में थे तो पढ़ते थे कि अकबर महान थे। मैंने भी इसका अध्ययन किया है लेकिन मैंने यह भी सुना है कि वह मीना बाजार लगाता था, खूबसूरत लड़कियों और महिलाओं को उठाता था और उनके साथ जबरदस्ती बलात्कार करता था।

भारत में अकबर का नाम लेना पाप- मदन दिलावर

दिलावर राजस्थान में स्कूली पाठ्यक्रम की समीक्षा के बारे में एक सवाल का जवाब दे रहे थे, जिस दौरान उन्होंने सम्राट अकबर पर अपने विचार रखे। उन्होंने आगे कहा, “एक बलात्कारी महान कैसे हो सकता है? भारत में अकबर का नाम लेना पाप है।” मदन दिलावर ने कहा कि अकबर एक आक्रमणकारी था और उसका भारत के लोगों से कोई लेना-देना नहीं था।

मदन ने कुछ भी गलत नहीं कहा- गिरिराज सिंह

राजस्थान के शिक्षा मंत्री द्वारा मुगल सम्राट अकबर को ‘बलात्कारी’ कहने पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “क्या यह सच नहीं है कि कांग्रेस ने हमारे महान पुरुषों और महिलाओं को मंच के पीछे रखा? उन्होंने कुछ भी गलत नहीं कहा। अकबर एक मुगल था और उन्होंने भारत के लोगों के लिए कुछ नहीं किया। औरंगजेब ने जबरदस्ती हिंदुओं को मुसलमान बनाया।”

सरकारी स्कूल के दो शिक्षकों को धर्मांतरण के आरोप में किया था निलंबित

इससे पहले पिछले हफ्ते ही मदन दिलावर कोटा जिले के एक सरकारी स्कूल के दो शिक्षकों को धर्मांतरण और लव जिहाद से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में निलंबित करने के बाद चर्चा में थे। मंत्री ने इस मुद्दे पर एक वीडियो बयान भी जारी किया था।

बयान में मदन दिलावर ने कहा था, “हमें जानकारी मिली कि माध्यमिक विद्यालय में एक हिंदू लड़की का नाम बदलकर मुस्लिम नाम कर दिया गया था। इलाके में धर्म परिवर्तन और लव जिहाद की साजिश चल रही है। जब हमें जानकारी मिली तो हमने कदम उठाया और दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया और एक अन्य शिक्षक के खिलाफ जांच चल रही है। जांच के बाद अगर यह पाया गया कि वे इन कृत्यों में शामिल थे तो उन तीनों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया जाएगा।”