राजस्थान के झालावाड़ में पुलिस ने एक 35 वर्षीय व्यक्ति को कथित तौर पर उसकी पत्नी की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, विमलाबाई (31) को गंभीर हालत में झालावाड़ जिला अस्पताल ले जाया गया। शनिवार की रात महिला के पति राकेश मीणा ने संदिग्ध अवस्था में महिला को देखा जिसके बाद उसे बेरहमी से पीटा। रविवार सुबह महिला की अस्पताल में मौत हो गई।

पुलिस ने पोली गांव के रहने वाले राकेश मीणा को रविवार रात गिरफ्तार कर लिया। महिला के माता-पिता ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। इकलेरा पुलिस थाने के एसएचओ लक्ष्मण सिंह ने इस बात की जानकारी दी। एसएचओ ने कहा कि आरोपी ने अपनी पत्नी की चमड़े की बेल्ट से पिटाई की जिसके बाद वह बेहोश हो गई। इलाज के दौरान जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

इससे पहले शनिवार को झालावाड़ में पुलिस ने जब गोवंश तस्करों को पकड़ने की कोशिश की तो बदमाश नाकेबंदी तोड़कर भाग निकले। बदमाश इतने बैखौफ थे कि उन्होंने पुलिस द्वारा रोके जाने पर पुलिस की गाड़ी को टक्कर भी मार दी। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि जब उन्होंने तस्करों को रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने तेज रफ्तार से अपने वाहन को भगाना शुरू कर दिया। जीप में सवार पुलिस ने काफी देर तक बदमाशों का पीछा किया। इसके बाद जब पुलिस की जीप तस्करों के पास पहुंची तो बदमाशों ने पुलिस की जीप को टक्कर मार दी। जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हुए।

इसके बाद घायल पुलिसकर्मियों ने मामले की जानकारी आगे पहुंचाई। फिर क्या था बदमाशों को पुलिस ने धर दबोचा। घटनास्थल से 7 गोवंश पुलिस ने छुड़वाए। जिनकी तस्करी की जा रही थी। घायल पुलिसवालों का इलाज चल रहा है और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

पिछले महीने झालावाड़ में एक छोटे भाई ने जमीनी रंजिश के चलते पत्नी के साथ मिलकर बड़े भाई के साथ मारपीट की। पति पत्नी ने बड़े भाई को मार मारकर बेसुध कर दिया। इसके बाद उसके गुप्तांग में मिर्ची डालकर उसे उसी हालत में वहां छोड़ भाग गए। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमा तुरंत हरकत में आ गया था और आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया था।