राजस्थान की विधानसभा में हलचल है। शुक्रवार को राजस्थान की विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। दरअसल राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने एक ऐसी टिप्पणी कर दी, जिसपर कांग्रेस विधायकों ने जमकर बवाल काटा। राजस्थान सरकार में मंत्री अविनाश गहलोत ने एक सवाल के जवाब में कांग्रेस विधायकों की तरफ इशारा करते हुए कहा कि 2023-24 के बजट में आपने हर बार की तरह अपनी दादी इंदिरा गांधी के नाम पर योजना का नाम रखा था।
जानें क्या है विवाद
मंत्री की टिप्पणी पर कांग्रेस के विधायक भड़क गए। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने विरोध करते हुए कहा कि क्या बकवास कर रहे हैं? इंदिरा गांधी देश की प्रधानमंत्री रही हैं और उनके लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। इसके बाद कांग्रेस विधायक वैली में आकर नारेबाजी करने लगे। इसके बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक गोविंद सिंह डोटासरा सहित एक-दो विधायक विधानसभा अध्यक्ष की टेबल की तरफ बढ़ने लगे। इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि दादी सम्मानजनक शब्द है और हमारे मंत्री तथात्मक तरीके से जवाब दे रहे थे।
कंबल-चादर के साथ विधायकों का प्रदर्शन
इसके बाद कांग्रेस के 6 विधायकों को सस्पेंड कर दिया गया। कांग्रेस विधायकों ने निलंबन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और रातभर विधानसभा में ही गुजारी। सभी विधायक कंबल, चादर और तकिया के साथ विधानसभा पहुंच गए और उनकी मांग है कि उनका निलंबन वापस हो। कई कांग्रेस विधायक एक जगह पर भजन-कीर्तन करते हुए नजर आए।
मीणा की बगावत से राजस्थान गरम, मायावती की हताशा, शिंदे का दर्द और बीजेपी का मुख्यमंत्री फार्मूला
कांग्रेस विधायकों पर सदन में अशोभनीय और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को भी 6 विधायकों के साथ निलंबित किया गया है। सभी विधायक बजट सत्र की बची अवधि के लिए निलंबित किए गए हैं।
अविनाश गहलोत का विवादों से पुराना नाता
भजनलाल सरकार में मंत्री अविनाश गहलोत का विवादों से पुराना नाता है। वह अक्सर अपने बयानों के कारण सुर्खियों में रहते हैं। अविनाश गहलोत दूसरी बार के विधायक हैं और वह भाजपा संगठन में कई अहम पदों पर रह चुके हैं। इससे पहले अविनाश गहलोत ने अपनी सरकार को पर्ची से चलने वाली सरकार करार दिया था। उन्होंने कहा था कि हमारी सरकार तो पर्ची से ही चलती है। पढ़ें आज का राशिफल