राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष अशोक परनामी अपनी नई टीम का एलान जनवरी के दूसरे हफ्ते में करेंगे। परनामी इस बार अपनी टीम में नए चेहरों को जगह देने की तैयारी में हैं। परनामी ने प्रदेश भाजपा के नए पदाधिकारियों के चयन के लिए अपनी कसरत तेज कर दी है। इसके लिए उन्होंने आरएसएस के पदाधिकारियों के साथ ही मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से भी मंत्रणा की है।
प्रदेश भाजपा के दूसरी बार अध्यक्ष बने अशोक परनामी अपनी नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर गंभीरता से नेताओं को टटोल रहे हैं। इस बार परनामी ने निर्वाचित अध्यक्ष के तौर पर प्रदेश भाजपा की कमान संभाली है। परनामी अगले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रदेश पदाधिकारियों की टीम बनाएंगे। उनकी मौजूदा कार्यसमिति में उन नेताओं को जगह नहीं मिलेगी जो अब सरकार में मंत्री बन गए हैं। परनामी का कहना है कि प्रदेश कार्यसमिति में एक व्यक्ति एक पद का सिद्धांत अपनाया जाएगा। इसके कारण ही सरकार में मंत्री और मंत्री के दर्जे वाले नेताओं को टीम में शामिल नहीं किया जाएगा।
जयपुर शहर की आदर्श नगर सीट से विधायक परनामी को पार्टी में सबको साथ लेकर चलने वाला नेता माना जाता है। इसके कारण ही उन्हें इस बार आम राय से प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। भाजपा सूत्रों का कहना है कि लंबे अरसे से हाशिए पर चल रहे नेताओं को भी परनामी अब मुख्यधारा में लाना चाहते है। प्रदेश भाजपा के 31 जिलों में अध्यक्ष बन गए हैं। जिलों में भी पार्टी कार्यकारिणी का गठन होगा। परनामी ने जिला अध्यक्षों को भी निर्देश दिया है कि ऐसे नेताओं को पदाधिकारी बनाया जाए जो सक्रिय होकर संगठन की गतिविधियां चला सके।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री और प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी वी सतीश भी पिछले लंबे अरसे से पार्टी की गतिविधियों को देख रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष परनामी और वी सतीश के बीच संगठन में नए पदाधिकारियों को लेकर लगातार विचार हो रहा है। वी सतीश आरएसएस के पदाधिकारियों की राय के आधार पर ही अपने सुझाव परनामी को दे रहे हैं। वी सतीश चार जनवरी से प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान ही परनामी अपनी टीम के संभावित पदाधिकारियों को लेकर उनसे विचार करेंगे।
दूसरी तरफ प्रदेश भाजपा में पदाधिकारी बनने के लिए कई नेताओं ने दौड़-धूप तेज कर दी है। इनमें एक दर्जन विधायक भी शामिल हैं। विधाायकों के साथ ही जिला स्तर के कई नेता भी प्रदेश पदाधिकारी बनने के लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी तक अपनी सिफारिशें लगवा रहे हैं। परनामी का कहना है कि वे सबको साथ लेकर चलने में भरोसा रखते हैं। परनामी का कहना है कि प्रदेश भाजपा संगठन में कार्यकर्ताओं को मजबूती दी जाती है। इसके कारण ही जमीनी स्तर का कार्यकर्ता संगठन में बड़ा पद भी पाता है। परनामी ने दावा किया कि प्रदेश भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है और पूरी पार्टी एकजुट है। उनका कहना है कि वसुंधरा सरकार ने जनहित की कई योजनाएं लागू की हैं। सरकार के जनहित के कामों को जनता तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।