भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दिन में सपने देखने लगे हैं। देश में 2014 में जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं चुनावी इतिहास को उठाकर देख लो कांग्रेस पार्टी को दूरबीन लगा कर ढूंढ़ना पड़ रहा है। राहुल गांधी घूम घूम कर गठबंधन कर रहे हैं, उनको लगता है कि गठबंधन के सहारे वो आगे बढ जाएंगे। सबको पता है कि उनका गठबंधन ढकोसला है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह बुधवार को यहां पार्टी के युवाओं से जुड़े एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस आयोजन में प्रदेश के सभी दो सौ विधानसभा सीटों के करीब दो लाख युवा कार्यकर्ताओं के साथ उनकी बातचीत का आयोजन किया गया था। शाह ने युवाओं से कहा कि कार्यकर्ता जरा सा भी असमंजस में नहीं रहे। उन्होंने कहा कि मैं विश्वास के साथ कहता हूं कि हम पिछले बार से भी ज्यादा बहुमत से चुनाव जीतेंगे। उन्होंने कहा कि विकास करना भाजपा की संस्कृति है। जहां जहां भाजपा की सरकारें हैं, वहां लोगों के जीवन स्तर में बड़ा सुधार हो रहा है। वसुंधरा सरकार ने प्रदेश के लोगों को योजनाओं का पूरा लाभ देने का काम किया है।
शाह ने कहा कि देश भर के युवाओं से कोई पूछें कि कहां जन्म लेना है तो आंख मूंद कर कह सकते हैं कि वीर भूमि राजस्थान में। उन्होंने कहा कि पांच साल पहले कांग्रेस पार्टी प्रदेश का बजट 94 हजार करोड़ रूपए छोड़ कर गई थी। वसुंधरा राजे ने उसको बढ़ा कर 2 लाख 12 हजार करोड़ रुपए तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार राजस्थान के विकास में पूरा योगदान दे रही है। प्रदेश और केंद्र में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने पर राजस्थान फिर से विकास की रफ्तार पकड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टिकरण के सहारे पचास साल तक शासन किया।
लोकतंत्र के इन तीन नासूरों को भाजपा खत्म करने का काम कर रही है। उन्होंने फिर कहा कि देश में से घुसपैठियों को चुन चुन कर बाहर निकाला जाएगा। मनमोहन सिंह की सरकार थी तब देश में पाकिस्तान से आलिया, मालिया, जमालिया जैसे लोग घुस जाते थे और हमला करते थे, कोई कुछ नहीं बोलता था। केंद्र सरकार जब से आई है तब से सेना को आदेश दिया कि जवानों पर हमलों का बदला लिया जाए और सेना अब पाकिस्तान के अंदर घुस कर मुहंतोड़ जवाब दे रही है।