Raebareli Lok Sabha: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को विपक्ष के इंडिया गठबंधन का प्रधानमंत्री पद का चेहरा होने का संकेत दिया। उत्तर प्रदेश के रायबरेली लोकसभा क्षेत्र में राहुल गांधी के लिए वोट मांगते हुए बघेल ने कहा कि वहां के लोग अब देश के प्रधानमंत्री का चुनाव करने जा रहे हैं।

भूपेश बघेल ने रायबरेली के बथुवा खास गांव में एक सार्वजनिक सभा के दौरान कहा, ‘इंदिरा गांधी के बाद, अब, लोगों के पास इस निर्वाचन क्षेत्र से एक पीएम चुनने का मौका है। लोग इसके गवाह बनेंगे और इसमें योगदान देंगे।’

राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट के अलावा रायबरेली से भी चुनाव लड़ रहे हैं। रायबरेली से राहुल गांधी 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
भूपेश बघेल के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि यह बयान इंडिया ब्लॉक की ‘रणनीति’ का हिस्सा था सपा चीफ ने कहा कि मैं कुछ भी खुलासा नहीं करूंगा। यह हमारी रणनीति का हिस्सा है।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी इंडिया ब्लॉक गठबंधन के तहत मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं। अब तक, लोकसभा चुनाव जीतने के बाद गठबंधन की सरकार बनने पर इंडिया ब्लॉक ने प्रधानमंत्री पद के लिए अपनी पसंद की घोषणा नहीं की है। राहुल गांधी ने पहले कहा था कि विपक्ष का गठबंधन आम चुनाव जीतने के बाद अपने प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार पर फैसला करेगा।

इससे पहले, बघेल ने विश्वास जताया था कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में अमेठी और रायबरेली दोनों सीटें “बड़े अंतर” से जीतेगी।

वहीं प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, ‘पंडित मोतीलाल नेहरू और जवाहरलाल नेहरू जी के समय रायबरेली और अमेठी से कांग्रेस का सेवा और संघर्ष का एक रिश्ता जुड़ा था। तबसे आजतक यह कायम है। पीढ़ियों पुराने इस रिश्ते को हम सबने मिलकर निभाया है, संवारा है और संजोया है।’

प्रियंका ने आगे लिखा कि यहां के गांव, शहर, सड़कें, खेत और यहां के लाखों लोग- ​अपने में तमाम यादें समेटे हुए हैं। किसी भी इलाके से गुजरते हुए अचानक याद आता है कि यहां तो उस बरस आई थी पिता के साथ, मां के साथ या भाई के साथ… किसी बुजुर्ग से मिलते हुए पिता याद आ जाते हैं। चुनाव और राजनीति अपनी जगह, सेवा-समर्पण और स्नेह का रिश्ता हमेशा मजबूत रहेगा।

बता दें, गांधी परिवार का गढ़ रहे रायबरेली का प्रतिनिधित्व 2004 से वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी कर रही हैं। अतीत में इंदिरा गांधी ने भी इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। इस सीट पर लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होगा।