चारा घोटाले में दोषी करार लालू यादव रांची के सेंट्रल जेल में बंद हैं। उनके परिजन और समर्थक लगातार इस बात का खयाल रख रहे हैं कि राजद प्रमुख को जेल में किसी तरह की परेशानी का समाना न करना पड़े। यही वजह है कि उनकी पत्‍नी अैर बिहार की पूर्व मुख्‍यमंत्री राबड़ी देवी उनके लिए पसंदीदा चीजें जेल भिजवा रही हैं। इनमें अरवा चावल और देसी घी तक शामिल हैं। जेल में उन्‍हें अक्‍सर किताब पढ़ते हुए देखा जाता है। चारा घोटाला मामले में सीबीआई की विशेष अदालत तीन जनवरी को सजा का एलान करेगी। लालू यादव को जिस मामले में दोषी ठहराया गया है, उसी में बिहार के एक और पूर्व मुख्‍यमंत्री डॉक्‍टर जगन्‍नाथ मिश्र को बरी कर दिया गया था।

मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि राबड़ी देवी लालू यादव के लिए सुगंधित अरवा चावल, अरहर की दाल और देसी घी भिजवाया है। इसके अलावा उन्‍होंने विभिन्‍न तीर्थ स्‍थलों और मंदिरों के प्रसाद भी भेजे हैं। लालू से मिलने आने वाले राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और कार्यकर्ता भी उनकी पसंद का पूरा खयाल रख रहे हैं। उनके लिए हरा चना, सीम, पालक, मेथी, धनिया पत्‍ती, भट्टा बैंगन और बथुआ का साग आदि विशेष तौर पर लाया जा रहा है। बताया जाता है कि जेल में मेस होने के बावजूद लालू यादव खुद भी खाना बनाते हैं और अन्‍य कैदियों के साथ दरबार भी लगाते हैं। जेल में बंद कई नेता राजद सुप्रीमो से राजनीति के गुर सीख रहे हैं।

डायरी लिखने में मशगूल लालू: जेल में बंद लालू यादव को खाली समय में अक्‍सर पढ़ते-लिखते देखा जाता है। बताया जाता है कि वह डायरी लिखने में मशगूल हैं। वह जेल में बिताए गए हर पल को शब्‍दों में पिरोना चाहते हैं, ताकि उसे लंबे वक्‍त तक याद रखा जा सके। उन्‍होंने अपने साथ कई किताबें लेकर आए हैं। इनमें गीता भी है। दोपहर और शाम को खाली वक्‍त में किताबें ही उनका सहारा होती हैं। इनके सहारे ही वह अपना अकेलापन दूर कर रहे हैं। हालांकि, उनके लिए टीवी और अखबार की व्‍यवस्‍था भी किए जाने की बात कही गई थी।