Jharkhand Assembly Elections 2024: झारखंड में दूसरे फेज की वोटिंग 20 नवंबर को होने वाली है। इससे पहले बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव एक बार फिर से सुर्खियों में छाए हुए हैं। झारखंड में वोट मांगते समय का एक वीडियो खूब तेजी से वायरल हो रहा है। यहां पर कुछ लड़कियों ने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी को वोट देंगी और वह इतने पर ही नहीं रूकीं उन्होंने पप्पू यादव से झारखंड मुक्ति मोर्चा के काम का हिसाब ही मांग लिया।
सांसद पप्पू यादव सोमवार को सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन के लिए गांडेय विधानसभा सीट पर वोट मांग रहे थे। उसी दौरान का यह वीडियो बताया जा रहा है। इसको भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकातं दुबे ने भी पोस्ट किया है। इस वीडियो में पप्पू यादव कहते हुए नजर आ रहे हैं कि हम बिहार से चलकर यहां पर आए हैं और आप लोगों से आशीर्वाद मांग रहे हैं। हमको आप लोग दीजिएगा ना आशीर्वाद, बेटी दीजिएगा ना? लड़कियों ने तो पहले धीरे आवाज में कहा कि नहीं देंगे। इसके बाद जब पप्पू यादव ने उनसे तेज से बोलने के लिए कहा तो उन्होंने कहा कि हम लोग आपको वोट नहीं देंगे बीजेपी को वोट देंगे।
बीजेपी को वोट क्यों देंगे
पप्पू यादव ने कहा कि आप बीजेपी को वोट क्यों देंगे तो उन्होंने कहा कि इतने दिन तक आपकी जेएमएम ने क्या किया है। यह सरकार पांच से साल से है इसने क्या किया है। इसके बाद पप्पू यादव ने कहा कि 20 साल तक बीजेपी थी तो उसने क्या किया। फिर लड़कियां कहती हुईं नजर आती हैं कि बीजेपी ने बहुत कुछ किया है। राम मंदिर भी बना है। इसके बाद वहां पर मौजूद लोग ठहाके मारकर हंसने लगते हैं।
झारखंड में कल होगी दूसरे फेज की वोटिंग
बता दें कि झारखंड में दूसरे चरण में 38 विधानसभा सीटों के लिए बुधवार 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। अगर यह बात की जाए कि किस पार्टी के कितने प्रत्याशी इस फेज के चुनावी दंगल में हैं तो इसमें बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए के 38 और इंडिया गठबंधन के भी 38 उम्मीदवार ही चुनावी दंगल में हैं। भारतीय जनता पार्टी से 32 और आजसू 6 सीटों पर चुनावी मैदान में है। इंडिया अलायंस से कांग्रेस पार्टी 12, झारखंड मुक्ति मोर्चा 20, आरजेडी 2, सीपीआईएमल (CPIML) 4 सीटों पर ताल ठोक रही है।