पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार को दो महीने से ज्यादा का समय हो चुका है। राज्य में आप की प्रचंड जीत ने साबित कर दिया कि जनता में पार्टी को लेकर कितना विश्वास है। हालांकि, सत्ता में आने के बाद से लगातार पंजाब में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस भगवंत मान सरकार पर हमलावर है। इस बीच, एक के बाद एक पार्टी के विधायकों का नाम आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। आप के सत्ता में आने के बाद से अब तक तीन नेता विवादों को लेकर चर्चा में हैं, इनमें एक भगवंत मान सरकार में मंत्री विजय सिंगला और बाकी दो विधायक डॉ. बलबीर सिंह और गुरप्रीत गोगी शामिल हैं। आईए जानते हैं आखिर क्यों आजकल चर्चा में हैं ये आप नेता-

विजय सिंगला
भगवंत मान सरकार में विजय सिंगला स्वास्थ्य मंत्री थे, भ्रष्टाचार के एक मामले में नाम सामने आने के बाद उन्हें कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया गया। उन पर आरोप था कि उन्होंने टेंडरों में रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी सभी टेंडरों पर कथित रूप से एक पर्सेंट कमीशन की मांग की थी।

भ्रष्टाचार निरोधक सेल ने सुबूतों के आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आप एक ईमानदार पार्टी है और एक रुपेय के भी भ्रष्टाचार को पंजाब सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने विजय सिंगला के खिलाफ एक्शन लेते हुए उन्हें पंजाब कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया था। उनके इस कदम की दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी सराहना की थी।

डॉ. बलबीर सिंह
पटियाला (ग्रामीण) से आम आदमी पार्टी के विधायक डॉ. बलबीर सिंह को सोमवार (23 मई, 2022) को 11 साल पुराने एक मामले में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने तीन साल की सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। उनके साथ उनकी पत्नी, बेटे और एक अन्य शख्स को भी सजा सुनाई गई। उनको यह सजा उनकी साली परमजीत कौर और उनके पति पर हमले के मामले में सुनाई गई। परमजीत कौर ने बताया कि बलबीर सिंह ने अपनी पत्नी रुपिंदर कौर, बेटे राहुल सैनी और परमिंदर नाम के एक शख्स के साथ मिलकर 13 जून, 2011 में उन पर और उनके पति पर हमला किया था। उन्होंने बताया कि एक जमीन को लेकर उन पर ये हमला किया गया था। सोमवार को कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए बलबीर सिंह, उनकी पत्नी, बेटे और परमिंदर सिंह को तीन साल की सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। हालांकि, सभी को मौके पर ही जमानत भी दे दी गई।

गुरप्रीत गोगी
आम आदमी पार्टी के लुधियाना पश्चिम से विधायक गुरप्रीत गोगी भी इन दिनों चर्चा में हैं। वे अपनी पोर्शे कार को लेकर चर्चाओं में हैं। दरअसल, आम आदमी की राजनीति का दावा करने वाले विधायक गुरप्रीत गोगी विधानसभा चुनाव में नामांकन के लिए स्कूटर पर पहुंचे थे, जिसके बाद उन्होंने काफी सुर्खियां बटौरी थीं। अब जब पोर्शे कार में सवारी करते हुए उनका वीडियो सामने आया तो, एक बार फिर वे चर्चाओं में आ गए। गोगी को विधानसभा चुनाव में आप नेता और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपनी पार्टी का पोस्टर ब्वॉय भी बनायाथा।

कांग्रेस नेता कृष्णा अल्लावारु ने उनका ये वीडियो शेयर किया था, जिसमें वो पीले रंग की पोर्शे कार में सरकारी दफ्तर से निकलते दिख रहे हैं। कांग्रेस नेता कृष्णा अल्लावारु ने आप पर निशाना साधते हुए कहा कि नॉमिनेशन के लिए स्कूटर और चुनाव जीतने के बाद करोड़ों की कार ऐसे आम लोग सिर्फ आम आदमी पार्टी में ही मिलते हैं।