कभी नरम तो कभी गरम। कांग्रेस चीफ नवजोत सिंह के तेवरों का पता नहीं चलता। अभी वो भगवंत मान की तारीफ करते दिखे तो अब उनके तेवर सरकार पर तल्ख हैं। कांग्रेस के एक वर्कर की हत्या पर उन्होंने मौके पर जाकर एक अफसर को फोन लगाया और केस दर्ज करने की अपील की। फोन पर वो ये कहते भी दिखे कि नहीं तो बड़ा इश्यू इस मामले को बनाएंगे। उनके तेवरों से साफ था कि अगर न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस मामलों को लेकर बड़ा आंदोलन चला सकती है।

ध्यान रहे कि पंजाब कांग्रेस चीफ के पद से इस्तीफा देने के बाद सिद्धू ने न केवल आप के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तारीफ की बल्कि इसे नया युग भी करार दे दिया था। एक ट्वीट में उन्होंने कहा था कि पंजाब में नए माफिया विरोधी युग का आगाज हो गया है। भगवंत मान ने पंजाब के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़ कला में उनके शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

वहीं इस मामले को लेकर सिद्धू सोशल मीडिया के साथ मीडिया पर भी एक्टिव दिखे। उन्होंने अपने पहले ट्वीट में लिखा कि जीरा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ता की बुरी तरह पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। कसोवाना गांव में उसके परिवार से मिलने पहुंचा। प्रशासन के साथ इस मामले को लेकर चर्चा की। दोषी तुरंत गिरफ्तार होने चाहिए। पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए।

इसके बाद कांग्रेस नेता सिद्धू ने एक दूसरे ट्वीट में एक वीडियो भी शेयर किया। इसमें वो परिवार से बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में नवजोत सिंह सिद्धू परिवार से पूछते हुए दिख रहे हैं कि घटना कब हुई। परिवार को आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाते हुए इसमें देखा गया। सिद्धू किसी अधिकारी को फोन पर कार्रवाई करने की बात करते हुए दिखे। वो कह रहे थे कि क्या इसी बदलाव की खातिर आप सरकार बनाई गई थी।

उघर, सोशल मीडिया पर कुछ लोग सिद्धू के पक्ष में दिखे तो कुछ उन पर तंज कस रहे थे। एक शख्स का कहना था किस उन्हें अगर 111 दिन मिल गए होते तो मान की जगह उनकी सरकार होती। एक ने तंज कसते हुए कहा कि ये आदमी तुरंत पलटी मार लेता है। उनका इशारा भगवंत मान की तारीफ की तरफ था।