पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बन चुकी है। मंत्रियों ने शपथ भी ले ली है। सीएम भगवंत मान पहले दिन से ही पंजाब की बेहतरी के लिए काम करने का दावा कर रहे हैं। अब केजरीवाल ने पंजाब के विधायकों और मंत्रियों को चेताते हुए उन्हें काम पर फोकस करने के लिए कहा है।
दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने अब पंजाब को ही ‘आप का मॉडल’ बता दिया है। उन्होंने कहा है कि सीएम मान ने अपने सभी मंत्रियों के लिए टारगटे तय कर दिए हैं, अगर वो अपने टारगेट तक पहुंचने में असफल रहे तो उन्हें उनके पद से हटाया भी जा सकता है।
आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने मंत्रिमंडल में प्रत्येक मंत्री के लिए लक्ष्य निर्धारित किए हैं और अगर वह पूरा नहीं होता है, तो लोग “मंत्री को हटाने की मांग कर सकते हैं।”
पंजाब के विधायकों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि विधायक और मंत्री चंडीगढ़ में ही ना बैठें, गांवों में जाएं। चंडीगढ़ में घोड़ागाड़ी की आदत पड़ जाएगी। केजरीवाल ने अपने विधायकों को चेताते हुए कहा कि जिन्होंने बड़े-बड़े नेताओं को हराया है वो घमंड ना करें, पद स्थायी नहीं होता है।
आगे पंजाब के सीएम भगवंत मान की तारीफ करते हुए केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने सीएम बनते ही कई काम कर दिए हैं। नेताओं से सुरक्षा लेकर जनता को सुरक्षा दी है। एंटी करप्शन लाइन की घोषणा कर दी है। 25 हजार नौकरियां देने का काम शुरू कर दिया है।
दिल्ली का उदाहरण देते हुए केजरीवाल ने कहा- “दिल्ली में हर विधायक और मंत्री का सर्वेक्षण किया जाता है कि लोग उनके बारे में क्या कहते हैं। 21-22 विधायकों के सर्वेक्षण में कुछ निगेटिव प्रतिक्रिया आई। उनका टिकट काट दिया गया”।
आम आदमी पार्टी ने 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल-बहुजन समाज पार्टी गठबंधन और भाजपा-पंजाब लोक कांग्रेस-शिअद (संयुक्त) गठबंधन को पछाड़ते हुए 92 सीटें हासिल की थीं। जिसके बाद पहले से ही सीएम पद के लिए आप की तरफ से घोषित भगवंत मान मुख्यमंत्री बने हैं। मान की कैबिनेट में फिलहाल 10 मंत्री हैं, जिन्होंने शनिवार को शपथ ली है। वहीं इस जीत से उत्साहित आप हिमाचल, गुजरात, राजस्थान समेत कई राज्यों में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।