हमेशा अपने ही सियासी दोस्तों को असहज करने वाले सिद्धू अब भगवंत मान की सादगी के मुरीद होते लग रहे हैं। आज वो मान से मिलने पहुंचे। सीएम हाउस में दोनों के बीच तकरीबन 50 मिनट तक गुफ्तगू होती रही। इस दौरान क्या बात हुई इसका खुलासा भगवंत की तरफ से नहीं किया गया। लेकिन उनसे मिलने के बाद बाहर निकलकर सिद्धू ने उनकी तारीफों के पुल बांधकर कहा कि हमने पंजाब के भविष्य पर बात की।

सिद्धू ने अपनी पोस्ट में लिखा- मोस्ट कंस्ट्रक्टिव 50 मिनट स्पैंट। जिस पंजाब एजेंडे पर मैं सालों से बात कर रहा हूं, उस पर बहुत ही उपयोगी बातें हुईं। हमने लोगों की आय बढ़ाने के बारे में बात की जो कि पंजाब की बड़ी समस्या है। सीएम भगवंत मान चीजों को समझने वाले इंसान हैं। उन्होंने जनता की उम्मीदों पर खरे उतरने का वादा किया है।

नवजोत सिद्धू ने कहा कि भगवंत मान जमीन से जुड़े हुए हैं। पंजाब में अवैध कब्जे वाली जमीनों को खाली कराने को लेकर भी उन्होंने सीएम मान की प्रशंसा की। सिद्धू ने कहा कि मुझे ऐसा नहीं लगा कि किसी मुख्यमंत्री से बात कर रहे हैं। वह बहुत ही डाउन टु अर्थ हैं। भगवंत मान में किसी तरह का ईगो नहीं है। वो बहुत ही धैर्य के साथ बातों को सुनते हैं। वो वैसे ही हैं जैसे 15 साल पहले थे। सिद्धू ने कहा कि मान पंजाब की समस्याओं को लेकर बेहद गंभीर हैं। उनके साथ बैठक के दौरान वक्त का पता ही नहीं चला।

सोशल मीडिया पर लोगों ने सिद्धू को लेकर तंज कसते हुए पूछा कि आप में कब जा रहे हैं। एक का कहना था कि सिद्धू बीजेपी और कांग्रेस को धोखा देने के बाद आप में जाने की कोशिश कर रहे हैं। वो गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं।

शिव गणेश पालीवाल ने लिखा कि भाई पंजाब के मुख्यमंत्री के पल्ले ही कुछ नहीं है, वो चाह कर भी कुछ नहीं कर सकते । केजरीवाल के हाथ है असली लगाम। बाकी सब बेकार की बात। नीलकमल ने लिखा कि पंजाब के सीएम पंजाब का फंड तो दिल्ली में बैठे उनके आका और राघव पर लुटा रहे हैं। पंजाब के पुलिस अधिकारियों को उनकी हाजिरी में लगा दिया है। हर दूसरे दिन पंजाब के सीएम आका की उंगली पकड़े पकड़े दूसरे सूबों में जाते है। उंगली पकड़ने पर ही करोड़ों फूंक दिए है।