Punjab Farmers: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किसानों के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने खराब मौसम के कारण बर्बाद हुई फसल के मुआवजे की रकम में बढ़ोतरी की है। मान ने फसल के नुकसान पर मुआवजे की रकम में करीब 25 प्रतिशत का इजाफा किया है। भगवंत मान ने कहा, ‘ अगर फसल का नुकसान 75 प्रतिशत से अधिक होता है तो सरकार किसानों को 15,000 रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा देगी। वहीं अगर 33 से 75 प्रतिशत तक नुकसान होता है तो किसानों को 6750 रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाएगा।
पंजाब के मुख्यमंत्री ने मोगा, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और पटियाला के गांवों दौरा किया था। इसके बाद भगवंत मान ने मुआवजे की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि मजदूरों को 10 प्रतिशत मुआवजा दिया जाएगा, जिससे उनको किसी तरह की आर्थिक मुसीबत का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पूरे मकान के नुकसान के मुआवजे के तौर पर 95100 रुपए दिए जाएंगे, जबकि घरों के मामूली नुकसान के लिए 5200 रुपए दिए जाएंगे।
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों और खेती मजदूरों के साथ है। वह उन किसानों की पीड़ा और दर्द को अच्छी तरह से समझते हैं, जिनको मौसम की खराबी के वजह से भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम और बारिश के कारण खड़ी गेहूं और रबी की अन्य फसलें खराब हो गईं।
मान ने कहा कि बदकिस्मती से तेज हवाएं और ओलावृष्टि के साथ आई बारिश ने फसलों को काफ़ी नुकसान पहुंचाया है और बड़ी संख्या में किसानों की रोज़ी-रोटी को चोट पहुंचाई है। ऐसे में शुरुआती रिपोर्टो से पता चलता है कि कई एकड़ से अधिक कृषि योग्य क्षेत्रफल प्रभावित हुआ है, क्योंकि इस पड़ाव पर रबी की फसलें कटाई के लिए लगभग तैयार थीं।
भगवंत मान बोले- जल्द रिपोर्ट सौंपे अधिकारी
उत्तर भारत में खराब मौसम के कारण फसलों को भारी नुकसान की खबर है। पंजाब के कई जिलों के किसानों की फसल बर्बाद हो गई, जिसके बाद किसान मुआवजे की मांग कर रहे थे। इसके बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कई अधिकारियों के साथ फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए व्यक्तिगत रूप से फसल के खेतों का दौरा किया था। फसलों के आकलन के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वो जल्द से जल्द नुकसान की रिपोर्ट पेश करें, जिससे प्रभावित लोगों को सरकारी नियमों के अनुसार उपयुक्त मुआवजा दिया जा सके।