पंजाब में बीजेपी ने कांग्रेस को बड़ा झटका दे दिया है। अगामी पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने कांग्रेस ने दो विधायकों को अपने पाले में कर लिया है। विधायक फतह सिंह बाजवा और बलविंदर सिंह लाडी अब बीजेपी में शामिल हो गए हैं। साथ ही पूर्व क्रिकेटर दिनेश मोंगिया ने भी कमल का दामन थाम लिया है।
पंजाब कांग्रेस के दो विधायक उम्मीदवारी की संभावना जताते हुए मंगलावार को भाजपा में शामिल हो गए। इनमें से एक कांग्रेस विधायक फतेह जंग सिंह बाजवा हैं, जो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद प्रताप बाजवा के भाई हैं। दूसरे हरगोबिंदपुर से कांग्रेस विधायक बलविंदर सिंह लाडी हैं। ये दोनों केंद्रीय मंत्री और पंजाब चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हुए हैं।
फतेह जंग बाजवा पंजाब के कादियान से विधायक हैं। इस क्षेत्र में अब दो भाईयों के बीच लड़ाई हो सकती है, क्योंकि प्रताप बाजवा भी इसी सीट से चुनाव लड़ने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं फतेह जंग बाजवा को पंजाब प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू का करीबी माना जाता रहा है। कुछ दिन पहले सिद्धू ने फतेह जंग बाजवा की उम्मीदवारी की घोषणा भी कर दी थी। उधर क्रिकेटर दिनेश मोंगिया भी बीजेपी में शामिल हो गए। अगले चुनाव में बीजेपी इन्हें मैदान में उतार सकती है।
ये नेता ऐसे समय में भाजपा में शामिल हुए हैं जब एक दिन पहले पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींढसा ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद भाजपा और इन दोनों नेताओं के दलों के बीच औपचारिक गठबंधन की घोषणा भी की गई थी।
बीजेपी में नेताओं का स्वागत करते हुए गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि अन्य दलों के नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं क्योंकि पार्टी की पंजाब में पकड़ मजबूत हो रही है। पिछले कई दिनों में भाजपा पंजाब में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए नेताओं और प्रतिष्ठित शख्सियतों को पार्टी में शामिल कर रही है।
पूर्व सहयोगी अकाली दल के लिए अब तक पंजाब में साथी की निभाने वाली भाजपा अब अपनी भूमिका बड़ी कर रही है। पार्टी नेताओं का दावा है कि चुनाव से पहले कांग्रेस और अकाली दल के कई अन्य नेता भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
