चंडीगढ़ नगर निगम ने शनिवार (23 जुलाई, 2022) को कूड़ा-कचरा फेंकने के लिए पंजाब सीएम भगवंत मान के आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास पर 10 रुपए का जुर्माना लगाया है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) बटालियन के पुलिस उपाधीक्षक हरजिंदर सिंह के नाम पर चालान जारी किया गया है। चालान में घर का पता- हाउस नंबर-7, सेक्टर-2, चंडीगढ़ का उल्लेख है।
भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय भाजपा पार्षद महेशिंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि उन्हें पिछले कुछ समय से स्थानीय लोगों की ओर शिकायत मिल रही थी कि मुख्यमंत्री आवास के कर्मचारी मकान नंबर-7 के पीछे कचरा फेंकते हैं।
उन्होंने कहा कि नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा कई बार उनसे अनुरोध किया गया कि वे घर के बाहर कचरा न फेंके, लेकिन इसके बाद भी ऐसा करना बंद नहीं किया। इसलिए यह कार्रवाई की गई है। सिद्धू ने कहा कि मकान संख्या 44, 45, 6 और 7 मुख्यमंत्री आवास का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि नगर निगम चंडीगढ़ द्वारा पंजाब के मुख्यमंत्री आवास पर कूड़ा-करकट के लिए जारी किए गए चालान से संबंधित मीडिया रिपोर्ट भ्रामक, निराधार और तथ्यों से कोसों दूर है। प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास के लिए ऐसा कोई चालान जारी नहीं किया गया है।
प्रवक्ता ने कहा कि तथ्य के रूप में चालान सेक्टर 2 में मकान नंबर 7 को जारी किया गया है, जो वर्तमान में एक अर्धसैनिक बल के पास है और मुख्यमंत्री से जुड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री आवास के चालान के संबंध में सभी खबरें पूरी तरह से गलत और भ्रामक हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को बुधवार तड़के दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को ये जानकारी मिली है कि सीएम मान की तबीयत खराब होने की वजह से उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। जानकारी के मुताबिक पंजाब के मुख्यमंत्री को पेट में दर्द की शिकायत थी। जिसके बाद डॉक्टरों ने कई टेस्ट किए और उन्हें इंफेक्शन बताया गया है।
इसी महीने भगवंत मान ने की शादी
इस महीने की शुरुआत में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने डॉ. गुरप्रीत कौर के शादी की थी।आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान ने 16 मार्च को पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। AAP ने हाल ही में संपन्न पंजाब विधानसभा चुनावों में शानदार जीत दर्ज करते हुए 92 सीटें जीती थी। वहीं 117 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस ने 18 सीट ही हासिल करने में कामयाब रही।