Pune-Nashik Highway Road Accident: महाराष्ट्र के पुणे जिले में राजगुरुनगर के पास पुणे-नासिक राजमार्ग पार कर रही महिलाओं के एक ग्रुप को सोमवार रात एक वाहन ने कुचल दिया। जिसमें कम से कम पांच महिलाओं की मौत हो गई और 12 महिलाओं के घायल होने की खबर है। पुलिस ने कहा कि दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल ने कहा कि दुर्घटना पुणे शहर से लगभग 45 किलोमीटर दूर खेड़ तालुका में शिरोली गांव के पास पुणे-नासिक राजमार्ग पर रात 11 बजे से कुछ समय पहले हुई। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि महिलाओं का एक ग्रुप बस से उतरकर सड़क पार कर रहा था।
उन्होंने कहा कि ग्रुप में 17 महिलाएं थीं, जिन्हें एक अज्ञात वाहन ने कुचल दिया था। हादसे में पांच महिलाओं की मौत हो गई और 12 अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। गोयल ने कहा कि हमने वाहन की पहचान करने और चालक को गिरफ्तार करने के लिए जांच शुरू कर दी है। उप अधीक्षक सुदर्शन पाटिल ने कहा कि सभी 17 घायलों को एंबुलेंस से विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया। चार को खेड़ के एक अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक अन्य ने पुणे के ससून जनरल अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।