महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के पहले पुदुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है, जिसमें वह सफाई अभियान में मशगूल नजर आ रहे हैं। वीडियो में नारायणसामी एक नाले की सफाई करते दिखाई दे रहे है। सीएम नाराणयसामी के इस वीडियो पर ट्विटर यूजर्स उनकी तारीफ में कसीदे पढ़ रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ”वास्तव में यह कुछ सफाई है.. शख्स को जरूर दिल से सलाम देना चाहिए। बाकी बस दिखाने के लिए झाड़ू पकड़ते हैं।” संजीव के नाम के यूजर ने लिखा, ”यह काम स्वच्छ भारत में शामिल होने का एकदम सही डेमो है और वह साफ जगह को साफ नहीं कर रहे हैं। पुदुचेरी के मुख्यमंत्री को सलाम। अब वातानुकूलित कमरे में बैठकर ज्ञान देते हुए स्वच्छ भारत अभियान नहीं चलाया जाता है।” श्रीनिवासन एन नाम के यूजर ने लिखा, ”पुदुचेरी के सीएमओ को पीडब्ल्यूडी की अक्षमता पर नजर रखना चाहिए जिसने मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से नाले में उतरने पर मजबूर कर दिया, नहीं तो यह एक और पब्लिक स्टंट बनकर रह जाएगा।”

करीब 6 सेकेंड के वीडियो में पुदुचेरी के सीएम सफाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं तो कुछ लोग उनके आसपास खड़े दिखाई दे रहे हैं। बता दें कि 2014 में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सत्ता संभालने के बाद से महात्मा गांधी की तस्वीर और चश्मे वाले विज्ञापनों के साथ स्वच्छ भारत अभियान पर खासा जोर दिया जा रहा है। नरेंद्र मोदी ने पीएम बनने के साथ ही मुहिम चलाई थी, जिसके तहत देश को महात्मा गांधी की 150वीं जयंती तक साफ और स्वच्छ बना देना था। रविवार (30 सितंबर) को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी पीएम मोदी ने स्वच्छता पर खास जोर दिया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार राष्ट्रपिता की 150वीं जयंति हैं और केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकारें भी स्वच्छ भारत मुहिम में बढ़चढ़कर हिस्सा लेती दिखाई दे रही हैं। राजधानी दिल्ली में महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्वच्छता सम्मेलन चल रहा है, जिसमें विदेशों से 138 सदस्यी प्रतिनिधि मंडल शिरकत कर रहा है। इस प्रतिनिधि मंडल में उज्बेकिस्तान के उप प्रधानमंत्री सुखरोब खोलमुरादोव सहित भूटान, बोलीविया, कंबोडिया, इथोपिया, चाड, केन्या, घाना, मोरक्को, दक्षिण सूडान, श्रीलंका, जॉर्डन, सिंगापुर और वियतनाम के मंत्री भी शामिल हैं। 60 देशों के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को गुजरात के साबरकांठा के पंसारी आदर्श गांव का दौरा भी किया था और स्वच्छता को लेकर चल रहे विकास कार्यों को करीब देखा था।