पंडित जवाहरलाल नेहरू की बेटी इंदिरा गांधी और अब राजीव की बेटी प्रियंका गांधी सियासत के मैदान में है। भारतीय राजनीति में यह पैटर्न भारत के लिए नया तो नहीं है लेकिन प्रियंका का आने से सियासी गलियारों तूफान-सा मच गया है। अक्सर कहा जाता है कि प्रियंका गांधी अपनी दादी इंदिरा की तरह दिखती हैं। इसीलिए लोग उनकी भूमिका को अलग नजरिये से देखते हैं। लेकिन खुद प्रियंका गांधी ऐसा नहीं मानतीं।
राहुल हैं इंदिरा जैसे- प्रियंकाः एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू में प्रियंका ने कहा कि वे खुद को दादी की बजाय पिता (राजीव गांधी) की तरह मानती हैं। पारिवारिक, राजनीतिक मामलों में वे इंदिरा की तुलना में राजीव के ज्यादा करीब है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके भाई राहुल गांधी इन मायनों में इंदिरा गांधी के ज्यादा करीब हैं। प्रियंका के मुताबिक राहुल में इंदिरा और राजीव का अच्छा कॉम्बिनेशन है। उल्लेखनीय है कि रहन-सहन, व्यक्तित्व और हेयर स्टाइल की वजह से उन्हें ‘इंदिरा जैसी’ कहा जाता है।
फरवरी से काम करेंगी प्रियंकाः कांग्रेस के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी बनने के बाद प्रियंका फरवरी के पहले हफ्ते से कामकाज शुरू करेंगी। उनके सामने करीब ढाई दर्जन सीटों पर भाजपा और सपा के मजबूत किले में सेंध लगाने की चुनौती रहेगी। इस क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा कई केंद्रीय मंत्रियों और बड़े नेताओं के निर्वाचन क्षेत्र आते हैं। ऐसे में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 2014 की हालत से उबारकर फिर से पटरी पर लाना प्रियंका की सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल रहेगा।