उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गुरुवार देर रात एक पत्रकार की हत्या कर दी गई। यह घटना पाॅश इलाके सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में हुई। पत्रकार पर धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस की जांच के मुताबिक पत्रकार की कुछ दिन पहले ही किसी बात को लेकर विवाद हुआ था और उसके कारण ही पत्रकार की हत्या की गई है। घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को घेरा और एनकाउंटर के दौरान आरोपी घायल हो गया है।
एनकाउंटर में आरोपी गिरफ्तार
आरोपी के पैर में गोली लगी है और इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की तलाश में दबिश दी जा रही है। मृतक पत्रकार की पहचान 52 वर्षीय लक्ष्मी नारायण सिंह के रूप में हुई है। वह पहले डिश केबल का काम करते थे और बाद में पत्रकारिता से जुड़ गए हैं।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के शकुंलता कुंज कॉलोनी में पत्रकार रहते थे। सिविल लाइंस थाना स्थित होटल हर्ष के पास कुछ लोगों ने उन पर चाकुओं से अचानक हमला कर दिया। घटना के तुरंत बाद मौके पर पुलिस के अधिकारी पहुंचे और घायल हालत में पत्रकार को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हालांकि देर रात उनकी मौत हो गई है। इसके बाद पुलिस ने एक आरोपी का एनकाउंटर कर दिया, जिसमें मुख्य हमलावर विशाल को गिरफ्तार कर लिया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने यूपी के धर्मांतरण विरोधी कानून पर उठाए सवाल, कहा- भारत धर्मनिरपेक्ष देश
विशाल के दोनों पैरों में तीन गोलियां लगी है और उसे भी मेडिकल कॉलेज में ही भर्ती कराया गया है। इस घटना पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डॉक्टर अजय पाल शर्मा ने कहा कि एक दिन पहले ही पत्रकार की आरोपी के साथ विवाद की घटना सामने आई थी। इसके बाद आरोपी विशाल ने अपने एक और साथी के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है।
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस ने यह भी कहा कि जांच में सामने आया है कि खुल्दाबाद से चाकू खरीदा गया था और उसके बाद पत्रकार पर जानलेवा हमला किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीम दबिश दे रही है। वहीं पुलिस ने दो संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है। घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों से भी जानकारी ली गई और सभी ने कहा कि आरोपी विशाल ने ही वारदात को अंजाम दिया है। प्रशासन ने कहा है कि पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाई जाएगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
