मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। 18 विधायकों ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली तो वहीं 10 विधायकों ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली। मोहन यादव के कैबिनेट में सबसे कम उम्र की मंत्री प्रतिमा बागरी हैं, जो 35 साल की हैं। प्रतिमा बागरी सतना जिले की रैगांव सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंची हैं। उन्हें मोहन यादव कैबिनेट में राज्य मंत्री बनाया गया है। प्रतिमा बागरी ने रैगांव सीट से कांग्रेस की उम्मीदवार कल्पना वर्मा को 36,000 से अधिक वोटों से हराया है।

प्रतिमा बागरी के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं

प्रतिमा बागरी ने पोस्ट ग्रेजुएट और एलएलबी की पढ़ाई की है और उनके खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। प्रतिमा बागरी का मुख्य पेशा व्यवसाय और किसानी है और उनकी कुल संपत्ति 6 करोड़ रुपये है। प्रतिमा के पति संदीप सिंह बागरी व्यवसायी हैं।

इस सीट से पहले यहां पर भाजपा के जुगुल किशोर बागरी विधायक थे। उसके बाद उनका निधन हो गया और यहां पर उपचुनाव हुआ। उपचुनाव में प्रतिमा बागरी को हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि इसके बाद भी वह क्षेत्र में सक्रिय रहीं और जनता के बीच बनी रहीं। 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया और उन्होंने यहां पर बड़े अंतर से जीत हासिल की।

पहली बार विधायक बनीं हैं प्रतिमा बागरी

प्रतिमा बागरी पहली बार विधायक बनी हैं। हालांकि उन्होंने दूसरी बार विधानसभा का चुनाव लड़ा। इसके पहले वह उपचुनाव लड़ चुकी थीं और उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस सीट से पहले भाजपा विधायक रहे जुगुल किशोर बागरी भी शिवराज सरकार में मंत्री रह चुके थे। हालांकि बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।

इन मंत्रियों ने ली शपथ

एमपी में कैबिनेट मंत्रियों के रूप में विजय शाह, कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद सिंह पटेल, राकेश सिंह, करण सिंह वर्मा, राव उदय प्रताप सिंह, प्रद्युमन सिंह तोमर, तुलसी सिलावट, एंदल सिंह कसाना, नारायण सिंह कुशवाहा, संपतिया उईके, उदय प्रताप सिंह, निर्मला भूरिया, विश्वास सारंग, गोविंद सिंह राजपूत, इंदर सिंह परमार, नागर सिंह चौहान, चैतन्य कश्यप और राकेश शुक्ला ने शपथ ली।