अक्सर विरोधियों को पाकिस्तान चले जाने की नसीहत देने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को उनके क्षेत्र में विदेशी बताया जा रहा है। ऐसे पोस्टर मंत्री के संसदीय इलाके में जगह-जगह लगाए गए हैं। यह पोस्टर लगाने वाला कोई और नहीं बिहार के पूर्व शिक्षा मंत्री बीके प्रसाद हैं। पोस्टर में लिखा है, ‘नवादा से विदेशी सांसद भगाओ और प्रगति प्रतिष्ठा बढाओ.’
बिहार के पूर्व शिक्षा मंत्री बीके प्रसाद ने गिरिराज सिंह को अपने घर बेगूसराय से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। कहा है कि विदेशी शब्द इसलिए इस्तेमाल किया है, क्योंकि अगर आप इतने सक्षम हैं तो अपने क्षेत्र बेगूसराय से लड़िए। अगर नवादा के लोग नेतृत्व देने में सक्षम न हों, तब आप आकर लड़िए। उन्होंने कहा कि गिरिराज सिंह जैसे लोगों को मैं कई दिनों तक राजनीतिक सेशन दे सकता हूं।बता दें कि इससे पहले नवादा में गिरिराज सिंह को गायब बताने वाले तमाम पोस्टर लगे थे, जिसमें स्थानीय सांसद को ढूंढने वाले को ईनाम देने की बात कही गई थी।

बता दें कि गिरिराज सिंह इस वक्त मोदी कैबिनेट में सूक्ष्म एवं लघु उद्योग मंत्री हैं।कई बार विरोधियों को पाकिस्तान चले जाने की नसीहत देने वाले बयानों के कारण सुर्खियों में रहते हैं। बीजेपी-जेडीयू गठबंधन टूटने पर नीतीश कुमार ने 11 मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखाया था, इसमें गिरिराज सिंह भी शामिल थे।गिरिराज सिंह की गिनती नरेंद्र मोदी के कट्टर समर्थकों में होती है। लोकसभा चुनाव से पहले से वे नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की अपील करते रहे हैं।