India Lockdown: देश में जारी लॉकडाउन के बीच पटियाला में एक लड़की की हत्या से सनसनी मच गई है। गंभीर बात यह भी है कि इस लड़की की हत्या का आरोप उसके ही पिता पर लगा है। जानकारी के मुताबिक यह लड़की 12 क्वास की छात्रा थी। 18 साल की यह लड़की एक हफ्ते पहले अचानक लापता हो गई थी। इस मामले में उसके घरवालों ने केस भी दर्ज कराया था। बाद में यह भी खुलासा हुआ था कि इस लड़की का एक युवक से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
इधर हरियाणा में लॉकडाउन के दौरान पुलिस ने इस कपल को पकड़ लिया। इसके बाद इन दोनों के परिजनों को थाने में बुला कर उन्हें समझा-बूझा कर घर भेज दिया गया। इसी महीने 1 अप्रैल को अचानक इस लड़की की मौत हो गई। घरवालों ने इस दिन अहले सुबह लड़की का अंतिम संस्कार भी कर दिया।
लेकिन लड़की की मौत की खबर जब आसपास के लोगों को लगी तो उन्होंने पुलिस को इस मामले की जानकारी दी। इधर लड़की का परिवार अब लड़की के अस्थि कलश को विसर्जित करने की योजना बना रहा था। लेकिन उससे पहले ही पुलिस लड़की के परिजनों के पास पहुंच गई और मामले की तफ्तीश शुरू हो गई।
‘दैनिक जागरण’ की रिपोर्ट के मुताबिक लड़की दूसरे जाति के लड़के से प्यार करती थी और इस बात से उसके पिता काफी परेशान थे। लड़की के पिता इस रिश्ते के लिए राजी नहीं थे और अपनी लड़की का विरोध भी किया करते थे। आरोप है कि इस बात से गुस्सा कर 1 अप्रैल को उन्होंने अपनी बेटी की हत्या कर दी और फिर आनन फानन में उसके शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया।
अब इस मामले में फिलहाल पुलिस ने लड़की के पिता समेत 4 लोगों पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने लड़की के अस्थि कलश को भी अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपी पिता अभी फरार बताया जा रहा है। अब इस मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

