झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन हो गया है। उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “श्री शिबू सोरेन जी एक जमीनी नेता थे, जिन्होंने जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में ऊंचाइयों को छुआ। वे आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण के लिए विशेष रूप से समर्पित थे। उनके निधन से दुःख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी से बात की और संवेदना व्यक्त की। ॐ शांति।”
प्रधानमंत्री सोमवार दोपहर शिबू सोरेन के अंतिम दर्शन के लिए सर गंगाराम अस्पताल भी पहुंचे। यहांं उन्होंने शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी। पीएम नरेंद्र मोदी के कुछ देर बाद कांंग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री के अंतिम दर्शन के लिए पहुंंचे।
राजनाथ सिंह ने क्या कहा? – शिबू सोरेन के निधन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने X पर एक पोस्ट के जरिए कहा, “झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के वरिष्ठतम नेताओं में से एक, श्री शिबू सोरेन जी झारखंड के उन क़द्दावर नेताओं में गिने जाते थे जिन्होंने समाज के कमजोर वर्गों विशेष रूप से जनजातीय समाज के अधिकारों और उनके सशक्तिकरण के लिए आजीवन संघर्ष किया। वे हमेशा ज़मीन और जनता से जुड़े रहे। मेरा भी उनसे लंबा परिचय रहा। उनके निधन से मुझे बहुत दुःख हुआ है। उनके परिवार एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।ओम् शांति!”
राज्यपाल बोले- यह खबर अत्यंत दुखद
शिबू सोरेन के निधन पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार और विभिन्न दलों के नेताओं ने झामुमो संरक्षण के निधन पर शोक जताया है। राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा, “पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी का निधन अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। वह आदिवासी अस्मिता और अधिकारों की एक सशक्त आवाज थे। समाज के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”
बहुमत से कोसों दूर, फिर भी 10 दिन के लिए झारखंड के सीएम कैसे बने थे शिबू सोरेन?
कांग्रेस नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने इसे अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा, “अलग झारखंड के गठन में उनका महत्वपूर्ण योगदान था। वह गरीबों, दलितों और राज्य की जनता की आवाज थे। झारखंड को आज एक अपूरणीय क्षति पहुंची है।”
झारखंड विधानसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
शिबू सोरेन के निधन के बाद सोमवार को विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई। झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने सदन की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित करते हुए कहा, “दिशोम गुरु शिबू सोरेन आज परलोक सिधार गए… उनका निधन न केवल झारखंड के लिए बल्कि पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है… वह गरीबों की खातिर अपनी लड़ाई के लिए जाने जाते थे…।”
अपने पीछे कितने सदस्यों को छोड़ गए शिबू सोरेन? जानिए परिवार मे हेमंत और कल्पना के अलावा कौन-कौन