बिहार चुनाव में एनडीए ने अप्रत्याशित प्रदर्शन करते हुए 200 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं महागठबंधन 35 सीटों के फेर में फंस चुका है। यहां भी राजद 25 सीटों के साथ काफी निराशाजनक प्रदर्शन कर रही है और कांग्रेस मात्र 6 सीटों पर सिमटती हुई दिखाई दे रही है।

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी के दिल्ली स्थित कार्यालय पहुंच चुके हैं। वहां उन्होंने एनडीए की बड़ी जीत पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। अपनी संबोधन में उन्होंने कई मुद्दों पर विस्तार से बात की, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ की और भाजपा की रणनीति का भी उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने महागठबंधन पर चुटकी लेते हुए विकसित भारत का सपना भी दोहराया।

पीएम मोदी ने कहा कि ये प्रचंड जीत, ये अटूट विश्वास… बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया। हम NDA के लोग, हम तो जनता जनार्दन के सेवक हैं। हम अपनी मेहनत से जनता का दिल खुश करते रहते हैं, और हम तो जनता जनार्दन का दिल चुरा कर बैठे हुए हैं, इसलिए आज बिहार ने बता दिया है-फिर एक बाद NDA सरकार। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में नीतीश कुमार का भी जिक्र किया और जोर देकर कहा कि उन्होंने अच्छा शासन दिया।

पीएम मोदी ने आगे बोला कि बिहार के लोगों ने विकसित बिहार के लिए मतदान किया है। बिहार के लोगों ने समृद्ध बिहार के लिए मतदान किया है। मैंने चुनाव प्रचार के दौरान, बिहार की जनता से रिकॉर्ड वोटिंग का आग्रह किया था और बिहार के लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मैंने बिहार के लोगों से एनडीए को प्रचंड विजय दिलाने का आग्रह किया था, बिहार की जनता ने मेरा ये आग्रह भी माना।

प्रधानमंत्री ने राजद के जंगलराज पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि आज बिहार, देश के उन राज्यों में है, जहां सबसे ज्यादा युवाओं की संख्या है, और इनमें हर धर्म और हर जाति के युवा शामिल हैं। उनकी इच्छा, उनकी आकांक्षा और उनके सपनों ने जंगलराज वाले पुराने और सांप्रदायिक MY Formula को ध्वस्त कर दिया है। मैं आज बिहार के युवाओं का विशेष रूप से अभिनंदन करता हूं।

इसके बाद कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत के विकास में, बिहार के लोगों की बहुत बड़ी भूमिका रही है, लेकिन जिन लोगों ने दशकों तक देश पर शासन किया, उन लोगों ने बिहार को बदनाम किया। इन लोगों ने न बिहार के गौरवशाली अतीत का सम्मान किया और न ही यहाँ की परंपरा और संस्कृति का आदर किया। सोचिए, जो लोग छठ पूजा को ड्रामा कह सकते हैं, वो लोग बिहार की परंपरा का कितना सम्मान करते होंगे। इनकी हेकड़ी देखिए, छठी मैया से आरजेडी और कांग्रेस ने आज तक माफी नहीं मांगी। और बिहार के लोग ये कभी नहीं भूलेंगे।

पीएम मोदी का एक वीडियो भी इस समय वायरल है। जब वे बीजेपी कार्यालय पहुंचे, तो उन्होंने सबसे पहले अपना गमछा घुमाकर जनता का अभिवादन किया। समझने वाली बात यह है कि बिहार चुनाव के दौरान जब वे बीजेपी के लिए प्रचार करने गए थे, तब भी उन्होंने इसी तरह गमछा घुमाया था। तब कई राजनीतिक अर्थ निकाले गए थे, और अब एक बार फिर इसे बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें- बिहार चुनाव में फिर क्यों हारे तेजस्वी?